- असिस्टेंट कमांडेंट पद पर तैनात, पर्वतारोहण की तैयारी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : चिकित्सा और सुरक्षा क्षेत्र में देश सेवा कर रहीं हांसी जिले में नारनौंद उपमंडल के गांव बुडाना की बहू व सशस्त्र सीमा बल (SSB) की असिस्टेंट कमांडेंट डॉ. लीला चौधरी ने खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने हाल ही में आयोजित SSB इंटर फ्रंटियर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण और 2 कांस्य पदक पदक अपने नाम किए हैं।
उनकी इस हैट्रिक उपलब्धि से गांव, क्षेत्र और पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। डॉ. लीला चौधरी बुडाना निवासी सुनील सिवाच की पुत्रवधू और डॉ. अरुण चौधरी की पत्नी हैं। आर्म्ड फोर्सेज में बतौर डॉक्टर सेवाएं देने के साथ-साथ वे खेल और साहसिक गतिविधियों में भी लगातार सक्रिय रही हैं।
अगला लक्ष्य, बड़ा पर्वतारोहण अभियान
अपनी खेल क्षमताओं का प्रदर्शन करने के साथ ही डॉ. चौधरी ने बेसिक और एडवांस माउंटेनियरिंग (पर्वतारोहण) का कोर्स भी सफलतापूर्वक पूरा किया है। बल के अधिकारियों के अनुसार, वे जल्द ही एक बड़े माउंटेन एक्सपीडिशन (पर्वतारोहण अभियान) में हिस्सा लेने जा रही हैं।
ग्रामीणों ने जताई खुशी
उनकी इस सफलता पर परिजनों, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि डॉ. लीला ने अपनी मेहनत से साबित कर दिया है कि बेटियां और बहुएं हर क्षेत्र में शीर्ष स्थान हासिल कर सकती हैं।