August 21, 2026
21 aug 5
  • शिक्षा अधिकारी बोले-खाने के लिए नहीं अलग से रखा था

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के भिवानी जिले के सरकारी स्कूल के एक वीडियो ने बच्चों को परोसे जाने वाले मिड डे मील की हैरान करने वाली तस्वीर पेश की है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम ने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत सांगवान गांव के प्राइमरी स्कूल की वीडियो जारी की।

जिसमें राशन में कीड़े-सुरसरी चलते दिख रहे हैं। कमरों की दीवारों में बड़ी दरारें हैं और टॉयलेट बेहद खराब हालात में दिख रहे हैं। टीम के सदस्य लोकेश ने बताया कि हरियाणा के स्कूल ठीक करो अभियान के तहत स्कूलों में जाकर स्थिति देखी जा रही है। 18 अगस्त को इस प्राइमरी स्कूल में पहुंचे थे।

दूसरी तरफ, डिस्ट्रिक्ट एलिमेंटरी एजुकेशन ऑफिसर (DEEO) विनय कुमार जिंदल ने वीडियो पर सफाई दी। बोले-ये जो खराब राशन था, ये खाने के लिए नहीं था, बल्कि अलग निकाल रखा था।

2ः34 सेकेंड के वीडियो में दिखाया हालः फर्श पर बिखरे गेहूं में सुरसरी घूमती दिख रही हैं। पॉलीथीन में पड़ी मूंगफली के दानों में चींटियां दिखी रही हैं। इसके बाद बैकग्राउंड से आवाज आती है-प्राइमरी स्कूल है भाई, सांगवान का है। ध्यान से देख लो ये मिड डे मील है आपका। आपके बच्चे हैं जो ये खाते हैं। इसके बाद सीजेपी सदस्य लोकेश कहते हैं- ये खाना अगर बच्चे खाएंगे तो 10 दिन में उनके अंदर इतनी बीमारियां हो जाएंगी।

क्या आप घर में बच्चों को ऐसा राशन खाने को देंगेः इसके बाद सीजेपी टीम मौके पर मौजूद एक ग्रामीण से पूछती है-क्या आप घर के बच्चों को ये खाना खिलाना पसंद करेंगे। सामने से जवाब मिलता है-बिल्कुल नहीं जी।

टॉयलेट पर लिखा नोट इन यूजः इसके बाद टीम स्कूल में बने टॉयलेट के हालात दिखाते हुए कहती है-जैसे ही CJP का अभियान शुरू हुआ, टॉयलेट पर नॉट इन यूज लिखकर खानापूर्ति कर दी गई है। यह फीमेल का टॉयलेट है। इसके बाद दूसरे टॉयलेट दिखाते हैं जिसकी छत व दीवारें टूटी हुईं दिख रही हैं।

सीजेपी की टीम ने इस तरह दिखाया स्कूल का हाल…

स्कूल के कुकिंग रूम की दीवारों में गहरी दरार : सीजेपी की टीम स्कूल के कुकिंग एरिया को दिखाती है। जिसमें दीवार पर गहरी दरार दिख रही है। टीम बताती है-यहां पर आंटी वगैर काम करती हैं, यदि ये गिर जाए तो नुकसान हो जाएगा। इसके बाद उस टंकी को खुलवाया, जिसमें राशन है। इस दौरान लिफाफों में बंद राशन खोलकर दिखाया। इसी दौरान मूंगफली में कीड़े चलते दिखे। गेहूं की टंकी खोली तो उसमें से गेहूं के साथ घुन व सुरसरी निकलती दिखी।

स्कूल मैनेजमेंट कमेटी सदस्यों को दिखाया : सीजेपी टीम ने स्कूल के ये हालात स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (SMC) को भी दिखाया। वीडियो में जो ग्रामीण दिख रहा है, उसे एसएमसी प्रधान बताया जा रहा है। वो खुद टंकी से गेहूं उठाकर कह रहे हैं कि इसे तो 5-6 महीने हो गए हैं, गेहूं रेत बन रहा है। एसएमसी के प्रधान विचार जताते हैं कि जब तक गांव के लोग खुद आकर चीजें चेक नहीं करेंगे, तब तक बात नहीं बनेगी।

मास्टर सफाई करवाएंगे या जनगणना करेंगे : वीडियो में दिख रहा सीजेपी के साथ फीमेल स्टाफ भी खड़ा है। इसके बाद टीम सवाल उठाती है कि हरियाणा के स्कूलों में मास्टर अपनी जेब से स्कूल साफ करवा रहे हैं। अब मास्टर स्कूल की सफाई करवाएंगे, रोटी बनवाएंगे, बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) बनेंगे, जनगणना करेंगे। एसएमसी प्रधान कहते हैं-दो मास्टरों की ड्यूटी बीएलओ में लग गई है।

स्कूल में 40 बच्चों पर 3 टीचर, 2 SIR में लगे

बता दें कि गांव सांगवान के प्राइमरी स्कूल में 40 विद्यार्थी पढ़ते हैं। इनको पढ़ाने के लिए स्कूल में 3 टीचर्स हैं। जिनमें से 2 की एसआईआर में ड्यूटी लगी है। ऐसे में 1 टीचर के जिम्मे ही स्कूल की सारी जिम्मेदारी आई हुई है। इस पर गांव सांगवान के सरपंच विद्या देवी के प्रतिनिधि बलजीत ने बताया कि स्कूल के राशन में कीड़े मिलने की सूचना नहीं है। हालांकि स्कूल को अच्छे से चलाने के लिए प्रयास किए जाते हैं।

डीईईओ बोले-खराब राशन क्यों डिस्पोज नहीं किया

जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) विनय कुमार जिंदल ने बताया कि वीडियो उनके सामने आई थी। इसके बाद उन्होंने इस मामले की जांच की। जिसके बाद पता चला कि यह अनाज व राशन अलग से रखा हुआ था, बच्चों के खाने के लिए नहीं था। जिसे डिस्पोज करना था, लेकिन उसे डिस्पोज नहीं किया। इस मामले की जांच की जा रही है। स्कूल में 3 में से 2 टीचर्स की एसआईआर में ड्यूटी कैसे लगी, इसमें जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।