- करनाल में युवाओं से बोले- गलत रास्ता मत चुनो, नशे से बचना जरूरी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : करनाल के नूर महल में हरियाणा प्रगतिशील एमएसएमई पॉलिसी के विमोचन के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष के सवालों का जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था को बनाए रखना सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी है और यह सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था न बिगड़े।
उन्होंने कहा कि हर नागरिक का कानून और व्यवस्था पर विश्वास बना रहे, इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है। सीएम ने युवाओं से गलत रास्ते और नशे की दलदल से दूर रहकर मेहनत के जरिए आगे बढ़ने की अपील की।
युवाओं से बोले- गलत रास्ता मत चुनो
मुख्यमंत्री ने युवाओं से मेहनत कर आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवाओं के पास आगे बढ़ने के काफी अवसर हैं, इसलिए किसी को भी गलत रास्ता नहीं अपनाना चाहिए। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश का युवा नशे की दलदल में न फंसे। उन्होंने कहा कि युवाओं को जागरूक करने के लिए प्रदेश में लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नशे के खिलाफ सरकार गंभीर है और जो भी व्यक्ति युवाओं को नशे की तरफ धकेलने का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश-दुनिया में बनाई पहचान
मुख्यमंत्री ने हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने देश-दुनिया में हरियाणा की अलग पहचान बनाई है। जहां देश को 13 गोल्ड मेडल मिले है उनमें से 7 गोल्ड हरियाणा के खिलाड़ी लेकर आए है। उन्होंने युवाओं से खिलाड़ियों की तरह मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है और यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है। सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए नई नीतियों पर काम कर रही है।
MSME पॉलिसी से निवेश और रोजगार बढ़ने की उम्मीद
इससे पहले मुख्यमंत्री ने हरियाणा प्रगतिशील MSME पॉलिसी का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि नई पॉलिसी तैयार करते समय MSME सेक्टर की मांगों और जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। सरकार को उम्मीद है कि इससे हरियाणा में बड़े स्तर पर निवेश आएगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य में हरियाणा एक महत्वपूर्ण ग्रोथ इंजन के रूप में काम करेगा। नई MSME पॉलिसी के बाद निवेशकों के लिए हरियाणा में निवेश करना और अधिक सुविधाजनक बनाया गया है।
ITI में उद्योगों की जरूरत के अनुसार तैयार होंगे युवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले राज्य सरकार ने औद्योगिक पॉलिसी लॉन्च की थी। इसके बाद बड़े उद्योगपतियों और ITI के बीच समझौते किए गए, ताकि उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को स्किल्ड बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि उद्योगों को जिस प्रकार के प्रशिक्षित युवाओं की जरूरत होगी, ITI में उसी के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे हरियाणा के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
बड़ी मंडियां भी हरियाणा आने में दिखा रहीं रुचि
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली और अमृतसर जैसी जगहों की बड़ी होलसेल मार्केट और व्यापारिक संस्थान भी हरियाणा में जगह बनाने में रुचि दिखा रहे हैं। सरकार ने कुछ को जगह उपलब्ध करा दी है और अन्य के लिए भी प्रदेश में स्थान उपलब्ध कराने की योजना पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हरियाणा लगातार विकास का ग्रोथ इंजन बने और यहां निवेश तथा रोजगार के नए अवसर तैयार हों।
मेड इन हरियाणा की पहचान बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और वन ब्लॉक वन प्रोडक्ट की तर्ज पर हरियाणा के उत्पादों को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि हरियाणा के उत्पादों की अपनी अलग ब्रांड पहचान होनी चाहिए। उन्होंने पानीपत के टेक्सटाइल उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि पानीपत में बना कपड़ा दुनिया के हर घर की शोभा बने, यह सरकार की सोच है। हरियाणा में बने उत्पादों को ‘मेड इन हरियाणा’ और ‘मेड इन इंडिया’ के रूप में मजबूत पहचान दिलाने पर काम किया जा रहा है।
12 साल में 10 हजार स्टार्टअप खड़े होने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में स्टार्टअप इकोसिस्टम तेजी से आगे बढ़ रहा है। पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में करीब 10 हजार स्टार्टअप खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि नई MSME पॉलिसी का लाभ स्टार्टअप्स को भी मिलेगा और सरकार उन्हें आगे बढ़ने में मदद करेगी।
उन्होंने कहा कि किसी विचार से शुरू हुआ स्टार्टअप तेजी से आगे बढ़ सकता है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने आइडिया और कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर माहौल और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।