August 8, 2026
8 aug 3
  • रोड पर 3 फुट तक पानी, झज्जर में बिजलीघर की दीवार टूटी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। शनिवार सुबह से हिसार, महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, भिवानी और सिरसा के डबवाली में बारिश हो रही है। पानीपत में बादल छाए हुए है। रोहतक, झज्जर और फरीदाबाद में रात में भारी बारिश हुई, जिससे हालात विकट हो गए।

रोहतक के मॉडल टाउन, कृष्णा कॉलोनी में सड़क पर 3 फुट पानी जमा है। यहां महिला की स्कूटी बंद हो गई, जिसे वह खींच कर ले जाती दिखीं। पूर्व मंत्री सुभाष बतरा के घर के पास वाली गली में भी पानी भर गया। इसके अलावा फरीदाबाद ग्रीन फील्ड इलाके में खाली पड़े प्लॉट में पानी जमा होने के कारण दीवार टूट गई। इससे पानी दयालबाग इलाके के मकानों में चला गया।

झज्जर में रातभर हुई भारी बारिश में रेवाड़ी रोड स्थित जलघर की मुख्य दीवार टूट गई। बरसाती पानी जलघर परिसर में घुस गया। हिसार के पीएलए एरिया में भी सड़क पर जलभराव है

उधर, मौसम विभाग (IMD) चंडीगढ़ केंद्र की ओर से आज पूरे पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दस जिलों गुरुग्राम, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, हिसार, जींद, सोनीपत और पानीपत में भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, करनाल, यमुनानगर, कैथल, सिरसा, कुरुक्षेत्र और अंबाला में ऑरेंज यानी मध्यम बारिश और पंचकुला में यलो अलर्ट यानी हल्की बारिश हो सकती है।

अंडरपास में फंसी फॉर्च्यूनर, शीशा तोड़कर जान बचाई 

शुक्रवार शाम ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास में 25 से 30 फीट तक पानी भर गया। चेतावनी के बावजूद करीब 60 वर्षीय एक बुजुर्ग अपनी फॉर्च्यूनर कार लेकर पानी में उतर गया और फंस गया। एक युवक ने जान जोखिम में डालकर उसे बाहर निकाला। बुजुर्ग ड्राइवर को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बारिश के बीच फंस गए स्कूली बच्चे

भारी बारिश के दौरान धनवापुर रोड स्थित फुटप्रिंट्स स्कूल में फंसे बच्चों और टीचरों को टीम एमसीजी ने सुरक्षित बाहर निकालकर उनके अभिभावकों तक पहुंचाया। इस राहत कार्य का नेतृत्व अतिरिक्त निगमायुक्त कुशल कटारिया ने किया। सफाई निरीक्षक भूपेंद्र कुमार एवं टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।

बिजली निगम ने जारी की एडवाइजरी 

बारिश के बीच बिजली निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए आमजन से विशेष सावधानी बरतने और विद्युत लाइनों एवं उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। बिजली संबंधी समस्या की सूचना तुरंत 1912 या 1800-180-4334 पर दें। इसके अलावा संभावित विद्युत खतरे की सूचना वॉट्सएप नंबर 9050960500 पर दें सकते हैं।

बारिश से दिन का तापमान गिरा

 लगातार हो रही बारिश और बादलों के चलते प्रदेश में औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में 31.8 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 31.9 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 29.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

वहीं गुरुग्राम में 26.8 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में 26.0 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में 29.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।

रात के तापमान में भी गिरावट

 पिछले 24 घंटों में दक्षिण हरियाणा में जोरदार बारिश दर्ज की गई। आईएमडी के अनुसार सबसे अधिक 67.5 मिलीमीटर बारिश गुरुग्राम में हुई। इसके अलावा भिवानी में 48.0 मिलीमीटर, चरखी दादरी में 38.0 मिलीमीटर, पलवल में 36.0 मिलीमीटर, सोनीपत में 27.5 मिलीमीटर, नारनौल में 23.5 मिलीमीटर और रोहतक में 15.0 मिलीमीटर पानी बरसा।

बारिश और हवा में नमी की वजह से न्यूनतम तापमान भी सामान्य के आसपास बना हुआ है।