August 6, 2026
6 aug 3
  • कुछ महीने पहले शादी हुई

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के करनाल में बदमाशों ने भरे बाजार युवक को गोली मारकर हत्या कर दी। युवक एक्टिवा पर अपनी बहन के घर जा रहा था। बाइक सवार 2 बदमाशों ने काफी दूर तक उसका पीछा किया। भगवडिया गैस एजेंसी के पास पहुंचते ही उसके सिर में गोली मार दी।

गंभीर हालत में आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके से गोली का खोल बरामद कर घटनास्थल को सील कर दिया। साथ ही शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवा दिया।

मृतक युवक की पहचान बीरू (28) के रूप में हुई है। उस पर भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज है। कुछ ही महीनों पहले उसकी शादी हुई थी। उधर, देर रात तक परिजन भी अस्पताल के बाहर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हंगामा करते रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरा मामले की जांच की जा रही है।

बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली

सदर बाजार निवासी बीरू (28) अपनी एक्टिवा स्कूटी पर रात करीब 9 बजे भगवडिया गैस एजेंसी के रास्ते अपनी बहन के पास जा रहा था। इसी दौरान वहां डिस्कवर बाइक पर 2 बदमाश आए। बीरू के पास आते ही उन्होंने तुरंत हथियार निकालकर पॉइंट ब्लैंक (बहुत पास) से उस पर फायर कर दिया।

लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया गया

गोली सीधे बीरू के सिर में जाकर लगी। गोली लगते ही बीरू सड़क पर गिर गया। दोनों बदमाश बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर गैस एजेंसी के पास भीड़ लग गई। बीरू को करनाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान मौत हुई

डॉक्टरों ने बीरू की प्राथमिक उपचार के बाद अमृतधारा अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान करीब 30 मिनट बाद उसकी मौत हो गई। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गई। पुलिस को घटनास्थल से गोली का एक खोल भी मिला है।

सोशल मीडिया पर एक्टिव बीरू

मृतक बीरू सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव है। अपनी इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर उसने पुलिसकर्मियों के साथ फोटो लगाई है। वहीं अपनी बायो में मुकदमेवार लिखा है। बीरू करनाल नगर निगम में सफाई कर्मचारी का भी काम कर चुका है। करीब चार पहले उसने ये काम छोड़ दिया था।

पत्नी का रो-रोकर बेसुध हुई

वीरू अपने परिवार का इकलौता बेटा था और कुछ ही महीने पहले उसकी शादी हुई थी। उसकी मौत से घर में मातम पसरा हुआ है। पत्नी बार-बार उसका नाम लेकर बेसुध रो रही है। देर रात भी परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा कर आरोपियों को पकड़ने की मांग की।

प्राथमिक जांच में रंजिश मान रही पुलिस

पुलिस प्रारंभिक जांच में घटना को रंजिश से जोड़कर देख रही है। बीरू पर भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सदर बाजार चौकी इंचार्ज मनदीप ने बताया कि इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों में इस वारदात को अंजाम दिया है। आज पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।