August 6, 2026
6 aug 1
  •  गुरूग्राम में वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में आज गुरुवार को भी मॉनसून एक्टिव रहेगा। मौसम विभाग चंडीगढ़ केंद्र की ओर से सुबह सवा सात बजे अलर्ट जारी किया गया। इसके अनुसार, 14 जिलों फतेहाबाद, हिसार, हांसी, जींद, भिवानी, चरखीदादरी, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद, पलवल तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है।

इनमें से चार जिलों हिसार, गुरुग्राम, फरीदाबाद और रेवाड़ी में सुबह बारिश हुई। हिसार और गुरुग्राम के कुछ इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी की है। पुलिस की ओर से कॉर्पोरेट क्षेत्र और निजी प्रतिष्ठानों से अपील की है कि अपने ज्यादा से ज्यादा कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ (घर से काम करने) की सुविधा प्रदान करें।

वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश गुरुग्राम में 78.5 MM दर्ज की गई। यमुनानगर के रायपुर गांव के पास पथराला नदी का तटबंध टूटने से नदी का पानी तेजी से आसपास के खेतों में फैल गया। यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज पर जलस्तर तेजी से बढ़ गया। 18 में से 15 गेट खोलकर 63,110 क्यूसेक पानी दिल्ली की ओर छोड़ा गया। यह पानी आज दिल्ली पहुंच जाएगा।

पथराला नदी का तटबंध टूटा, फसल जलमग्न

यमुनानगर के रायपुर गांव के पास पथराला नदी का तटबंध टूटने से नदी का पानी तेजी से आसपास के खेतों में फैल गया। इससे तरुवाला, रायपुर, बलौली, याकूबपुर और ऊर्जनी समेत आसपास के कई गांवों की सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई। पथराला नदी में 5 हजार क्यूसेक जलप्रवाह होने पर बाढ़ की स्थिति मानी जाती है, जबकि फिलहाल नदी में करीब 5,700 क्यूसेक पानी बह रहा है।

बारिश से यमुना का जलस्तर बढ़ा

यमुना के कैचमेंट एरिया (उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश) में हुई भारी बारिश के बाद यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज पर जलस्तर तेजी से बढ़ गया। मंगलवार को बैराज पर पानी का प्रवाह 79,620 क्यूसेक तक पहुंच गया। इसके बाद बैराज के 18 में से 15 गेट खोलकर 63,110 क्यूसेक पानी दिल्ली की ओर छोड़ा गया। यह पानी आज दिल्ली पहुंच जाएगा।

दिन के तापमान में 3.5°C का उछाल 

मौसम केंद्र चंडीगढ़ के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के औसतन अधिकतम तापमान में कल की तुलना में 3.5°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, यह तापमान सामान्य के आसपास ही बना हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान हिसार में 36.2°C रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा सिरसा में 35.4°C, चंडीगढ़ में 35.2°C और रोहतक में 34.9°C अधिकतम तापमान रहा। दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़ में तापमान सबसे कम 29.0°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3°C नीचे है।

नारनौल और भिवानी 24.5°C के साथ सबसे ठंडे

राज्य में औसतन न्यूनतम तापमान में -0.1°C की मामूली गिरावट दर्ज की गई है, जिससे रात के समय लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल और भिवानी में 24.5°C दर्ज किया गया। वहीं यमुनानगर में रात का तापमान 24.7°C रहा।

रोहतक में सबसे अधिक 27.2°C न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। आने वाले दिनों में बारिश से रात के तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है।