August 3, 2026
3 aug 21
  • CM सैनी की अध्यक्षता में SLC बैठक

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में नारनौल, नारायणगढ़, पानीपत और कुरुक्षेत्र के ड्राफ्ट डेवलपमेंट प्लान को लेकर स्टेट लेवल कमेटी (एसएलसी) की महत्वपूर्ण बैठक चंडीगढ़ में हुई। बैठक में चारों शहरों के आगामी विकास को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर मंथन किया गया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन शहरी क्षेत्रों के ड्राफ्ट डेवलपमेंट प्लान विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि शहरों का विकास भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए, ताकि बढ़ती आबादी और आर्थिक गतिविधियों के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

आवासीय से औद्योगिक क्षेत्र तक विस्तार पर फोकस

बैठक में नारनौल, नारायणगढ़, पानीपत और कुरुक्षेत्र में आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर प्रस्तावों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने शहरों की मौजूदा स्थिति, भविष्य में संभावित विस्तार और विकास की आवश्यकताओं के आधार पर ड्राफ्ट प्लान से संबंधित बिंदु प्रस्तुत किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डेवलपमेंट प्लान तैयार करते समय शहरों की वर्तमान जरूरतों के साथ आने वाले वर्षों की संभावनाओं को भी ध्यान में रखा जाए। नियोजित विकास से शहरों में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार के अवसर और नागरिक सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित किया जा सकेगा।

भविष्य की जरूरतों के हिसाब से होगा शहरी विकास

सरकार का फोकस इन शहरों में योजनाबद्ध तरीके से विकास को आगे बढ़ाने पर है। इसके तहत आवासीय क्षेत्रों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों, उद्योगों और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए पर्याप्त स्थान एवं आधारभूत ढांचे की योजना तैयार की जाएगी।

बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने ड्राफ्ट डेवलपमेंट प्लान के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समन्वय के साथ प्लान को आगे बढ़ाने और विकास कार्यों में दीर्घकालिक दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए।