- तापमान में गिरावट, पंचकूला-अंबाला समेत 5 जगह अलर्ट
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के 3 जिलों में अचानक बारिश से मौसम बदल गया। जींद, फतेहाबाद और सिरसा में तेज बारिश हो रही है। सिरसा में सुबह से बादल छाए थे। सुबह 7 बजे के बाद बारिश शुरू हो गई। शुरुआत में बूंदाबांदी के बाद दोपहर में तेज बारिश होने लगी है।
बारिश आते ही लोग बचने के लिए इधर-उधर भागते दिखे। कोई सिर पर पन्नी लिए तो कोई बाइक तेज चलाते दिखा। वहीं, फतेहाबाद और जींद में भी बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
उधर, भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज वीरवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए मौसम चेतावनी जारी की गई है।
राज्य के बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पिछले 24 घंटे में हरियाणा के अधिकतम तापमान में औसतन 3.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान सिरसा में 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
इन जिलों में बारिश की संभावना
न्यूनतम तापमान औसतन 1.3 डिग्री घटा और सबसे कम 24.6 डिग्री सेल्सियस गुरुग्राम में दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, दादरी और भिवानी में मौसम शुष्क रह सकता है।
अगले 4-5 दिनों तक मानसून एक्टिव रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में 4 अगस्त तक बारिश के आसार है। 31 जुलाई को उत्तर और पूर्वी हरियाणा में बारिश का दायरा बना रहेगा। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में भारी बारिश की संभावना है।
1 अगस्त को उत्तर-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश, बाकी प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का अंदेशा है। 2 अगस्त को पश्चिमी जिलों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कई जिलों में छिटपुट से मध्यम बारिश के आसार हैं। अगले 4-5 दिनों तक मानसून बना रहेगा, लेकिन पूरे प्रदेश में वर्षा की संभावना कम है।
अधिकतम तापमान में 3.7 डिग्री तक बढ़ा : हरियाणा में बुधवार को अधिकतम तापमान में औसतन 3.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य का सबसे अधिक तापमान सिरसा में 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हिसार में 36.2, अंबाला में 37.0, रोहतक में 35.6 और फतेहाबाद में 34.3 डिग्री तापमान रहा। मौसम विभाग का कहना है कि जिन इलाकों में बारिश कम हुई है, वहां दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक बना रहेगा।
न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट : प्रदेश के न्यूनतम तापमान में औसतन 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सबसे कम तापमान गुरुग्राम में 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हिसार में न्यूनतम तापमान 26.0, करनाल में 25.5, रोहतक में 27.4 और नारनौल में 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा।