July 29, 2026
29 july 10
  • 350 प्लाईवुड फैक्ट्रियों के सामने कच्चे माल की चुनौती

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  सावन और कांवड़ यात्रा की शुरुआत के साथ यमुनानगर में एक ओर लकड़ी आधारित उद्योगों की गतिविधियां प्रभावित होगी। वहीं दूसरी ओर श्रद्धालुओं की यात्रा को आसान बनाने के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिले की मंडौली और मानकपुर लकड़ी मंडियां कल 30 जुलाई से 11 अगस्त तक बंद रहेगी।

वहीं दूसरी तरफ उत्तर रेलवे ने हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बठिंडा-हरिद्वार-बठिंडा अनारक्षित स्पेशल एक्सप्रेस चलाने की घोषणा की है।

उद्योगों में लकड़ी की आपूर्ति रुक जाएगी

जिले में संचालित प्लाईवुड उद्योगों के लिए मंडौली और मानकपुर प्रमुख लकड़ी मंडियां हैं। इन्हीं मंडियों से अधिकांश फैक्टरियों को कच्चा माल मिलता है। मंडियां बंद रहने से उद्योगों में लकड़ी की आपूर्ति रुक जाएगी, इसलिए फैक्ट्री संचालकों ने पहले से ही अतिरिक्त स्टॉक जुटाना शुरू कर दिया है। पिछले कई दिनों से मंडियों में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक लकड़ी पहुंच रही है और खरीदारी भी तेज हो गई है। अधिक आवक के चलते पॉपुलर की लकड़ी के दामों में भी नरमी देखी जा रही है। जिले में करीब 350 प्लाईवुड फैक्टरियां, लगभग 400 पिलिंग यूनिट संचालित हैं।

7 हजार क्यूबिक मीटर प्लाईवुड रोजाना उत्पादन

इन इकाइयों में प्रतिदिन करीब सात हजार क्यूबिक मीटर प्लाईवुड का उत्पादन होता है, जिसकी आपूर्ति देश के विभिन्न राज्यों में की जाती है। उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि स्टॉक तैयार करने के बावजूद मशीनों को लंबे समय तक सामान्य क्षमता पर चलाना संभव नहीं होता।

नियमित कच्चा माल नहीं मिलने से अधिकांश इकाइयां सीमित उत्पादन करती हैं और उत्पादन में लगभग 40 प्रतिशत तक कमी आ जाती है। इसका असर तैयार माल की सप्लाई पर भी पड़ता है।संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई आढ़ती तय अवधि में मंडी खोलकर कारोबार करता पाया गया, तो उसके खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।

ट्रैक्टर-ट्रालियां खड़ी रहने से यातायात प्रभावित

हरियाणा प्लाईवुड एसोसिएशन के अध्यक्ष जेके बिहानी ने बताया कि सावन में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों से लाखों कांवड़िये हरिद्वार जाते हैं और उनका प्रमुख मार्ग यमुनानगर से होकर गुजरता है। मंडौली मंडी के बाहर सड़क किनारे लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रालियां खड़ी रहने से यातायात प्रभावित होता है और हादसों की आशंका बनी रहती है।

इसी कारण प्रशासन और टिंबर आढ़ती संगठन के समन्वय से हर वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान दोनों मंडियां अस्थायी रूप से बंद रखी जाती हैं।

रोज चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन

कांवड़ मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए उत्तर रेलवे ने 30 जुलाई से 30 अगस्त तक बठिंडा-हरिद्वार-बठिंडा अनारक्षित स्पेशल एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन प्रतिदिन संचालित होगी और यमुनानगर-जगाधरी सहित अंबाला, सहारनपुर और रुड़की जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह के अनुसार, ट्रेन संख्या 04560 सुबह 5:30 बजे बठिंडा से रवाना होकर सुबह 10:30 बजे यमुनानगर-जगाधरी पहुंचेगी। दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन 10:32 बजे हरिद्वार के लिए रवाना होगी और दोपहर 2:35 बजे गंतव्य पर पहुंचेगी।

विशेष ट्रेन में 14 अनारक्षित कोच लगाए

वापसी में ट्रेन संख्या 04559 शाम 5 बजे हरिद्वार से रवाना होगी। यह शाम 7:33 बजे यमुनानगर-जगाधरी पहुंचेगी और दो मिनट बाद 7:35 बजे बठिंडा के लिए रवाना होगी। ट्रेन रात 12:40 बजे बठिंडा पहुंचेगी। रेलवे ने इस विशेष ट्रेन में 14 अनारक्षित कोच लगाए हैं।

ट्रेन भुच्चो, रामपुरा फूल, तपा, बरनाला, धूरी जंक्शन, नाभा, पटियाला, राजपुरा जंक्शन, अंबाला सिटी, अंबाला कैंट, बराड़ा, जगाधरी वर्कशॉप, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर और रुड़की स्टेशनों पर भी ठहरेगी। रेलवे का कहना है कि इस व्यवस्था से कांवड़ मेले के दौरान अतिरिक्त भीड़ को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।