- मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना 2.0 के मेले में केंद्रीय मंत्री के साथ महापौर ने किया स्टालों का अवलोकन
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सरकार की विकास यात्रा तब पूर्ण मानी जाएगी, जब समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक हर जनकल्याणकारी योजना का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पहुंचे। इसी दृष्टिकोण के साथ समाज के सभी वर्गों का समान रूप से कल्याण हो सकेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना 2.0 के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे अंत्योदय मेले इसी सोच को धरातल पर उतारने का सशक्त प्रयास हैं, जहां पात्र परिवारों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन और लाभ उपलब्ध कराने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
रविवार को आयोजित अंत्योदय मेले में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने भी केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के साथ सहभागिता करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि अंत्योदय का मूल मंत्र यही है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकार की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से पहुंचे। अंत्योदय मेले इसी लक्ष्य को साकार करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने कहा कि यह सुखद है कि पात्र लाभार्थियों को एक ही परिसर में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर आवेदन करने तथा पात्रता के अनुसार लाभ उपलब्ध कराने की पारदर्शी और सुगम व्यवस्था बनाई गई है।
नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को जाना
महापौर ने कहा कि अंत्योदय मेले केवल योजनाओं के प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने, आत्मनिर्भर बनाने और शासन को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम बन चुके हैं। ऐसे आयोजन जनकल्याण, सुशासन और समावेशी विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को मजबूत करते हैं तथा पात्र परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहे हैं।
मेले में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को जाना। इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि कवीन्द्र राणा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।