- प्रशासन ने किए सुरक्षा के इंतजाम
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा पहुंचेंगे। वे यहां इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज (IGN) में आयोजित अंत्योदय मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद कॉलेज के सभागार में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। कार्यक्रम स्थल से लेकर आसपास के क्षेत्र तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने यमुनानगर में नशे के खिलाफ आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहां उन्होंने नशा विरोधी मैराथन को रवाना किया।
खुद भी दौड़े मुख्यमंत्री
यमुनानगर में मुख्यमंत्री सैनी ने खुद भी लोगों के साथ दौड़ लगाकर नशा मुक्त हरियाणा का संदेश दिया। यहां लाडवा में अंत्योदय मेले में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ देने की व्यवस्था की गई है। साथ ही नई योजनाओं की जानकारी भी कार्यक्रम में दी जाएगी।
लोगों की समस्या भी सुनेंगे
कार्यक्रम में विभिन्न विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री अपने विधानसभा क्षेत्र लाडवा के लोगों की समस्याएं और शिकायतें भी सुन सकते हैं। इसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी रिकॉर्ड के साथ मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।