- बाइक को टक्कर मारी, भतीजे के साथ अपने गांव लौट रही, तीन बच्चों की मां
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : यमुनानगर के महमूदपुर गांव के पास शनिवार शाम एक तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार तीन बच्चों की मां 60 वर्षीय महिला की सड़क पर गिरने के बाद बस का पहिया सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
महिला का भतीजा उसे बाइक पर गांव अरनौली से सढ़ौरा छोड़ने जा रहा था। दुर्घटना के बाद बस ड्राइवर, बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
भतीजा बाइक पर घर छोड़ने जा रहा था
शिकायतकर्ता सुखविंद्र सिंह निवासी गांव अरनौली ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मानकपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है। उसकी बुआ बिमला देवी पत्नी बलजीत सिंह निवासी वार्ड नंबर-2, नई टोली, सढ़ौरा, पिछले चार-पांच दिनों से उनके गांव अरनौली में आई हुई थीं।
बुआ के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां शादीशुदा हैं, जबकि उनका बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ है। शनिवार की को वह अपनी मोटरसाइकिल पर अपनी बुआ को वापस उनके घर सढ़ौरा छोड़ने के लिए निकला था।
बस मौके पर छोड़कर ड्राइवर हुआ फरार
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह गांव महमूदपुर के पास अपनी सही लेन में मोटरसाइकिल चला रहा था, तभी पीछे से रोडवेज की यमुनानगर डिपो बस का चालक तेज रफ्तार, लापरवाही से बस चलाते हुए आया और उसकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसकी बुआ बिमला देवी सड़क पर गिर गईं, जबकि वह स्वयं सड़क के किनारे कच्चे हिस्से में जा गिरा।
हादसे के दौरान बस का पहिया बिमला देवी के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक बस को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर थाना सदर जगाधरी के एएसआई परविंदर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने यातायात कराया सुचारु
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कर यातायात सुचारु कराया और मृतका के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एसएचओ आनंद प्रकाश का कहना है कि पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।