July 26, 2026
26 july 9
  • किडनी बीमारी से जूझ रहे पेट्स को राहत, अन्य पशुओं के लिए भी शुरू करने का प्लान

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हिसार की लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) ने पशु चिकित्सा के क्षेत्र में एक और बड़ा मुकाम हासिल किया है। लुवास के वेटरनरी क्लीनिकल कॉम्प्लेक्स में अब पेट्स (डॉग्स) के लिए डायलिसिस सुविधा शुरू कर दी गई है।

इस अत्याधुनिक सेवा के शुरू होने से किडनी की गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पेट्स को नया जीवन मिल सकेगा। यह सुविधा कुलपति डॉ. विनोद कुमार वर्मा के मार्गदर्शन और वेटरनरी क्लीनिकल कॉम्प्लेक्स के विभागाध्यक्ष डॉ. ज्ञान सिंह के निर्देशन में शुरू की गई है।

यूनिट के विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती चरण में यह डायलिसिस सेवा केवल पालतू कुत्तों के लिए ही रहेगी। केवल उन्हीं पशुओं का डायलिसिस किया जाएगा, जो गहन चिकित्सकीय परीक्षण के बाद इस प्रक्रिया के लिए सही पाए जाएंगे। आवश्यक संसाधनों और तकनीकी विस्तार के साथ आने वाले समय में इस सुविधा को अन्य पशुओं के लिए भी शुरू करने का प्लान है।

जानिए क्या है डायलिसिस और कैसे बचाएंगे जान

चिकित्सकों के अनुसार, जब पशुओं की किडनी सही तरीके से काम करना बंद कर देती है, तो शरीर में जहरीले तत्व (टॉक्सिन्स) और अतिरिक्त लिक्विड जमा होने लगता है। डायलिसिस मशीन के जरिए इन विषैले तत्वों को शरीर से बाहर निकाला जाता है, जिससे गंभीर रूप से बीमार पशु की जान बचाई जा सकती है।

गड़वासु लुधियाना से ली ट्रेनिंग

इस सेवा को सुचारू रूप से शुरू करने के लिए लुवास की टीम ने हाल ही में गड़वासु लुधियाना के नेफ्रोलॉजी सेक्शन इंचार्ज डॉ. रणधीर सिंह के मार्गदर्शन में डायलिसिस की प्रायोगिक जानकारी और ट्रेनिंग हासिल की थी। डायलिसिस यूनिट के इंचार्ज डॉ. तरुण कुमार व डॉ. नीलेश सिंधु ने इसमें अग्रणी भूमिका निभाई।

इसके अलावा वेटरनरी क्लीनिकल कॉम्प्लेक्स के डॉक्टर्स, पीजी स्टूडेंट्स (डॉ. अरुणा, डॉ. रेमन मोर, डॉ. निखिल मुदगिल, डॉ. प्रज्वल सिंह कोतवाल, डॉ. सुखबीर, डॉ. रत्नेश्वर व इंटर्न्स) और टेक्निकल स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

हरियाणा ही नहीं, पड़ोसी राज्यों को भी मिलेगा लाभ

पशु चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. राजेश खुराना ने क्लिनिकल स्टाफ को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल हरियाणा, बल्कि पंजाब, राजस्थान और दिल्ली जैसे पड़ोसी राज्यों से आने वाले पशुपालकों के लिए भी बेहद मददगार साबित होगी। लुवास लगातार आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों को अपनाकर पशु स्वास्थ्य सेवा में नए आयाम स्थापित कर रहा है।