July 24, 2026
24 july 16
  • डीसी को सौंपा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर करनाल में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। युवाओं के समर्थन में किए गए इस प्रदर्शन में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी जिला सचिवालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर डीसी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात रखा।

करनाल जिला सचिवालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए पहुंचे इनेलो नेता।

जंतर-मंतर घटना को लेकर जताया रोष इनेलो नेता सुरजीत संधू ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा मामले को लेकर छात्र शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उनके ऊपर लाठियां चलवाई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने न सिर्फ युवाओं पर बल्कि बहन-बेटियों तक को नहीं बख्शा और उनके साथ बदसलूकी की गई। यह लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है।

संधू ने कहा कि सरकार आज तक पेपर लीक जैसी गंभीर समस्याओं पर रोक नहीं लगा पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए आवाज उठाने वाले युवाओं को दबाने का प्रयास कर रही है और उन पर लाठीचार्ज करवाया जा रहा है।

हर वर्ग में नाराजगी, युवाओं का फूटा गुस्सा इनेलो नेता ने कहा कि वर्तमान सरकार में व्यापारी, मजदूर और किसान कोई भी वर्ग संतुष्ट नहीं है और अब युवा भी सरकार के खिलाफ खुलकर सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि छात्र पूरे साल मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक उनकी मेहनत पर पानी फेर देता है और उनके सपनों को तोड़ देता है। संधू ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री तक इस मुद्दे से घबराए हुए हैं और देर रात लाइव आकर युवाओं से प्रदर्शन न करने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा अपने अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं और यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।