- 27 जुलाई से मानसून फिर होगा एक्टिव
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसून एक्टिव है। बुधवार सुबह जींद, हिसार, फरीदाबाद और पानीपत में बारिश हुई। कैथल, भिवानी, करनाल, गुरुग्राम और सोनीपत में बादल छाए हुए हैं। यहां भी बारिश की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद के अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज और कल जमकर बारिश होगी। इसके बाद मानसून का असर कम होगा। 27 को एक बार फिर मानसून एक्टिव होगा और पूरे प्रदेश में बारिश होगी। बारिश की वजह से तापमान ढाई डिग्री तक गिर गया है।
7 राज्यों से होकर गुजर रही मानसून ट्रफ
मानसून ट्रफ औसत समुद्र तल पर अपनी सामान्य स्थिति के आसपास बनी हुई है। यह गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन ने ट्रफ के प्रभाव को और मजबूत कर दिया है। इसके चलते प्रदेश में स्थानीय स्तर पर घने बारिश वाले बादल बन रहे हैं और कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
यमुनानगर सबसे गर्म, अधिकतम तापमान 33.6°C
बारिश के बाद हरियाणा में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5°C कम रहा। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान यमुनानगर में 33.6°C दर्ज किया गया।
हिसार में अधिकतम तापमान 31.3°C, रोहतक में 31.6°C, अंबाला में 32.5°C और गुरुग्राम में 30.1°C दर्ज किया गया।
गुरुग्राम में सबसे कम न्यूनतम तापमान, सामान्य से 7.9°C नीचे
रात के तापमान (न्यूनतम तापमान) में भी गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5°C कम रहा। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 18.0°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.9°C कम है।
इसके अलावा अंबाला में न्यूनतम तापमान 24.1°C, करनाल में 24.5°C, रोहतक में 26.2°C और भिवानी में 23.5°C दर्ज किया गया।