- सिरसा-फरीदाबाद में जलभराव, 2 दिन पीक पर रहेगा मानसून
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसून अब पूरी तरह से मेहरबान हो चुका है। सोमवार रात से फरीदाबाद, पानीपत, सिरसा, गुरुग्राम, रेवाड़ी और हिसार में बारिश हो रही है। इसके अलावा फतेहाबाद, सोनीपत और यमुनानगर में भी बारिश हुई। इस बारिश से जहां भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है, वहीं सिरसा और फरीदाबाद में जलभराव होने से परेशानी का सामान भी करना पड़ा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग की से मंगलवार सुबह 4.25 बजे जारी अलर्ट के अनुसार, अगले तीन घंटों में यमुनानगर, पानीपत, सिरसा, अंबाला, पंचकुला, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत, कैथल, जींद, फतेहाबाद, हिसार, हांसी, भिवानी में तेज बारिश का अनुमान जताया है।
प्रदेश में इस सक्रिय मानसून की स्थिति 23 जुलाई तक लगातार बनी रहेगी, जो 22 जुलाई के बीच बारिश पीक पर होगी। 23 जुलाई को भी अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी, जबकि 24 से 26 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और यह कुछ ही इलाकों में सिमट जाएगी।
दो वजह से हरियाणा में एक्टिव हुआ मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसूनी टर्फ इस समय समुद्र तल पर अपनी सामान्य स्थिति के पास बनी हुई है। इसके साथ ही पंजाब और उसके आसपास के निचले क्षोभ मंडल स्तर पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। इन दोनों सिस्टम के असर से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण अगले 48 से 72 घंटों के दौरान पूरे हरियाणा में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।
24 घंटे में करनाल-कैथल में हुई तेज बारिश
पिछले 24 घंटों में हरियाणा के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, सबसे ज्यादा बारिश कैथल के कौल क्षेत्र में 39.5 मिमी दर्ज की गई। वहीं करनाल जिला भी पानी-पानी रहा, जहां 27.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
इसके अलावा रोहतक में 22.8 मिमी, चरखी दादरी में 20.5 मिमी और भिवानी में 10.0 मिमी बारिश हुई। जींद, पलवल, नूंह और सोनीपत के कुछ हिस्सों में भी हल्की बौछारें गिरीं, जिसने लोगों को उमस से थोड़ी राहत दी है।
दिन में सिरसा रहा सबसे गर्म
बारिश और बादलों के कारण हरियाणा के अधिकतम तापमान में 4.2°C की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिन का पारा सामान्य से 2.4°C नीचे आ गया है। पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे अधिक तापमान सिरसा में 37.9°C दर्ज किया गया। इसके बाद हिसार में 35.4°C और नारनौल में 35.0°C तापमान रहा।
रात में भिवानी रहा सबसे ठंडा
हरियाणा में रात के तापमान यानी न्यूनतम तापमान में 0.7°C की मामूली गिरावट हुई है, जो फिलहाल सामान्य के करीब है। बीती रात राज्य में सबसे कम तापमान भिवानी में 24.0°C रिकॉर्ड किया गया, जिससे वहां रात के समय अच्छी ठंडक रही। इसके विपरीत, सिरसा में न्यूनतम तापमान सबसे ज्यादा 31.4°C दर्ज हुआ।
हिसार में रात का पारा 30.7°C और रोहतक में 30.4°C रहा।