July 21, 2026
21 july 2
  • नारनौल में प्रिंसिपल सस्पेंड

ह​रियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  जंतर-मंतर में कॉकरोच पार्टी के प्रदर्शन और अमेरिका-भारत फ्री ट्रेड डील के विरोध में किसानों की देशव्यापी महापंचायत को लेकर हरियाणा सरकार अलर्ट हो गई है। दिल्ली और यूपी से जुड़े हरियाणा के सभी बॉर्डर सील कर दिए गए है। हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर भी बंद कर सख्ती बढ़ा दी है। कई नेताओं को डिटेन किया गया है।

उधर, गुरुग्राम से दिल्ली में प्रवेश करने वाले तमाम रास्तों पर बैरिकेडिंग लगाकर चेकिंग बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस के जवान भी वाहनों की जांच कर रहे हैं। लोगों को इस प्रदर्शन के कारण परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए अंबाला पुलिस ने भी ट्रैफिक एडवाइजरी कर दी है। लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपने की अपील की गई है।

वहीं, महापंचायत में शामिल होने के लिए यमुनानगर से किसानों का जत्था सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो गया। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को दिल्ली पहुंचने से रोकने की कोशिश कर रही है। किसानों की इसे लेकर पुलिस से नोकझोंक भी हुई।

इसके अलावा महेंद्रगढ़ जिले के कनीना मंडी स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने सोनम वांगचुक के समर्थन और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। इस मामले में विद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है।

अंबाला पुलिस की ओर से जारी की गई एडवाइजरी…

अंबाला पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। दिल्ली से अंबाला होते हुए पंजाब जाने वाले वाहन अंबाला छावनी, लालड़ू, डेरा बस्सी और जीरकपुर मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।

वहीं पंजाब से अंबाला होकर दिल्ली जाने वाले वाहन राजपुरा, लालड़ू, डेरा बस्सी, जीरकपुर या अंबाला छावनी के वैकल्पिक रास्तों से यात्रा कर सकते हैं। पुलिस ने लोगों से निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करने की अपील की है।