- 24 घंटे में पूरे प्रदेश में फिर एक्टिव होगा मानसून
रोहतक रहा सबसे गर्म
एक दिन पहले 19 जुलाई को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। हालांकि, पिछले दिन की तुलना में इसमें 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रोहतक में 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नारनौल का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
24 जुलाई तक लगातार बारिश होगी
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने और मानसून की रेखा के नीचे खिसकने से 20 जुलाई की देर रात के बाद मौसम बदलने की संभावना है।
21 से 24 जुलाई के बीच प्रदेश में मौसम आमतौर पर बदलता रहेगा और आसमान में बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान राज्य के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
बारिश और हवाओं की दिशा बदलने से दिन का तापमान कम होगा, जबकि रात का तापमान और हवा में नमी बढ़ने की संभावना है।
बारिश फसलों के लिए फायदेमंद
मानसून की इस सक्रियता से किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है, विशेषकर खरीफ फसलों के लिए यह बारिश लाभदायक साबित हो सकती है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश की कमी के कारण बाजरा व अन्य खरीफ की फसलें खराब होने वाली थी। इस बारिश से इन फसलों को जान मिलेगी।