- NEET में AIR-71, JEE में 99.7 पर्सेंटाइल आ चुके
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के नारनौल में अटेली क्षेत्र की बेटी भाव्या गुनवाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करते हुए 37वें अंतरराष्ट्रीय जीवविज्ञान ओलंपियाड (आईबीओ)-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है।
लिथुआनिया की राजधानी विलनियस में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत के सभी चार प्रतिभागियों ने पदक हासिल किए, जिनमें भाव्या एकमात्र स्वर्ण पदक विजेता रहीं। भाव्या की इस सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम तथा हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने भाव्या गुनवाल को एक्स पर बधाई दी है।
यह लिखा पीएम ने
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय टीम के सभी सदस्यों ने मॉलिक्यूलर बायोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, एनिमल फिजियोलॉजी और प्लांट कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी जैसे विषयों में अपनी असाधारण प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सफलता देश के अनेक युवाओं को प्रेरित करेगी।
युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाव्या गुनवाल, सौमिल मैती, निशित कलानी और अनमोल कुमार की अथक मेहनत और समर्पण देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
शुरू से होशियार भाव्या
भाव्या का शैक्षणिक रिकॉर्ड भी बेहद शानदार रहा है। उन्होंने कक्षा 9वीं में 99 प्रतिशत, 10वीं में 97.4 प्रतिशत, 11वीं में 95 प्रतिशत और 12वीं में 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वह NEET-2026 में जिले की टॉपर रहीं और ऑल इंडिया रैंक (AIR)-71 हासिल की। इसके अलावा, जेईई मेन्स में उन्होंने 99.7 पर्सेंटाइल तथा फिजिक्स में 100 पर्सेंटाइल अंक प्राप्त किए।
पहले भी बढ़ा चुकी मान
यह पहली बार नहीं है जब भाव्या ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया हो। उन्होंने वर्ष 2024 में रोमानिया में आयोजित इंटरनेशनल जूनियर साइंस ओलंपियाड में स्वर्ण पदक और 2025 में फिलीपींस में आयोजित इंटरनेशनल बायोलॉजी ओलंपियाड में रजत पदक जीता था। इसके अलावा, उन्होंने इंटरनेशनल मैथ, रीजनिंग, एनएसटीएसई, एनएसएटी और विभिन्न राष्ट्रीय ओलंपियाड में कई बार शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।
देश के लिए गौरवान्वित
शिक्षा के साथ-साथ भाव्या सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं और जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाने का कार्य करती रही हैं। उनकी इस सफलता ने न केवल नारनौल और हरियाणा, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है।