- गुरनाम चढूनी की रिहाई की मांग
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी समेत अन्य किसान नेताओं को पुलिस द्वारा डिटेन किए जाने के विरोध में सोमवार को किसानों ने यमुनानगर के मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर जाम लगा दिया है।
किसानों ने टोल प्लाजा पर धरना देकर आवाजाही रोक दी और चेतावनी दी कि जब तक सभी किसान नेताओं को रिहा नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के चलते टोल प्लाजा पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।
डीएसपी और संबंधित थाना प्रभारी (एसएचओ) स्वयं मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया
भाकियू के जिलाध्यक्ष संजू ने बताया कि देश बचाओ मोर्चा के बैनर तले भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में 21 जुलाई को दिल्ली में किसानों की महापंचायत प्रस्तावित थी। आरोप है कि महापंचायत से एक दिन पहले ही पुलिस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी सहित कई किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया।
इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए किसानों ने टोल प्लाजा पर जाम लगाने का निर्णय लिया।