July 17, 2026
17 july 4
  • भिवानी सबसे गर्म, 20 के बाद एक्टिव होगा मानसून

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसून की रफ्तार फिलहाल सुस्त पड़ गई है। मौसम विभाग और हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों के अनुसार, राज्य में अगले कुछ दिनों तक लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि 20 जुलाई के बाद मानसून एक बार फिर एक्टिव होगा और राज्य में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 17 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह और झज्जर में भारी उमस और गर्मी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

HAU के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा इस समय जम्मू, देहरादून, शाहजहांपुर, बस्ती, पटना, बांकुरा, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। यह ट्रफ धीरे-धीरे हिमालय की तलहटियों की तरफ बढ़ रही है।

 

बीच-बीच में बादल छाएंगे : एक्सपर्ट

हरियाणा में 20 जुलाई तक मानसून की गतिविधियों में कमी बनी रहेगी। इस दौरान राज्य में पश्चिमी हवाएं चलने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। हवा में नमी अधिक होने के कारण बीच-बीच में आंशिक बादल छा सकते हैं और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ केवल छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। 20 जुलाई के बाद जब मानसून ट्रफ दोबारा नीचे आएगी, तब जाकर मानसून की सक्रियता बढ़ेगी।

 

तापमान में मामूली उछाल, गुरुग्राम में रात ठंडी 

हरियाणा में रात के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 1°C की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है, हालांकि यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। बीते 24 घंटों में अंबाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.0°C अधिक रहकर 29.9°C दर्ज किया गया, जबकि करनाल में 4.2°C के बड़े उछाल के साथ पारा 29.2°C रहा। रोहतक में भी रात का तापमान 29.8°C रिकॉर्ड हुआ। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में दर्ज किया गया, जहां पारा 25.5°C रहा, जो सामान्य से 1.1°C नीचे है।

भिवानी में पारा 42°C पार, सामान्य से अधिक गर्मी

राज्य में दिन के अधिकतम तापमान में 0.8°C की बढ़ोतरी हुई है, जिससे औसतन तापमान सामान्य से करीब 3.5°C अधिक बना हुआ है। बीते दिन प्रदेश में सबसे अधिक तापमान भिवानी में 42.0°C दर्ज किया गया। इसके अलावा रोहतक में पारा 40.0°C, हिसार में 39.4°C और सिरसा व गुरुग्राम में 39.0°C रिकॉर्ड किया गया। उत्तर-पूर्वी जिलों जैसे अंबाला में यह 37.7°C और करनाल में 36.4°C रहा। तेज धूप और मानसून में आए इस ब्रेक की वजह से मैदानी इलाकों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।