- शव के पास साइकिल-बैग पड़ा मिला
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के यमुनानगर में 10वीं का स्टूडेंट स्कूल में फंदे पर लटका मिला है। उसका स्कूल बैग और साइकिल भी स्कूल में ही पड़ी मिली। परिजनों का कहना है- बुधवार को छुट्टी के बाद कमलदीप घर नहीं लौटा था। सुबह जब स्कूल प्रशासन और परिजन तलाश करते हुए स्कूल पहुंचे, कमलदीप बिल्डिंग में फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस अभी पूरे मामले की जांच में जुटी है। स्कूल प्रिंसिपल ऊषा रानी का कहना है कि छुट्टी के बाद सभी स्टूडेंट चले गए थे। कमलदीप दोबारा यहां कैसे पहुंचे अभी इसकी जानकारी नहीं है।
यहां सिलसिलेवार पढ़े, पूरा घटनाक्रम
यमुनानगर के छछरौली स्थित गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति स्कूल का छात्र कमलदीप बुधवार को स्कूल के बाद घर (पंजेटो गांव) नहीं लौटा था। परिजनों स्कूल और आसपास के एरिया में कमलदीप की काफी तलाश की। जब उसकी कोई जानकारी नहीं मिली तो स्थानीय पुलिस को कमलदीप के लापता होने की सूचना मिली।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस तुरंत एक्टिव हुई और कमलदीप की तलाश शुरू कर दी। सारी रात कमलदीप की कोई डिटेल नहीं मिली। आज (गुरुवार) सुबह परिजन और स्थानीय पुलिस टीम ने स्कूल में कमलदीप की दोबारा तलाश शुरू की।
परिजनों ने स्कूल का एक-एक कमरा छान लिया। कमलदीप कही नहीं मिला। इसके बाद परिजन स्कूल परिसर में बनी एक जर्जर बिल्डिंग में गए। यहां कमलदीप फंदे पर लटका मिला। स्कूल प्रशासन का कहना है कि ये बिल्डिंग कंडम घोषित हो चुकी है।
सुबह परिजन स्कूल आए
गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति स्कूल की प्रिंसिपल ऊषा रानी ने बताया कि कमलदीप के परिजन आज सुबह स्कूल आए थे। उन्होंने बताया कि कमलदीप कल से घर नहीं लौटा है। उसके मोबाइल में आखिरी लोकेशन स्कूल की ही मिली है।
बिल्डिंग काफी समय से बंद
ऊषा रानी ने कहा, इसके बाद स्कूल में ही कमलदीप की तलाश की गई। कमलदीप स्कूल परिसर में स्थित बंद पड़ी कंडम बिल्डिंग में फंदे से लटका मिला। ये बिल्डिंग काफी समय से बंद पड़ी है। वहां किसी का आना-जाना नहीं होता।
सभी स्टूडेंट घर चले गए थे
प्रिंसिपल ऊषा के अनुसार, बुधवार को स्कूल की छुट्टी के बाद सभी स्टूडेंट अपने घर चले गए थे। उन्हें यह जानकारी नहीं है कि कमलदीप स्कूल बंद होने के बाद दोबारा यहां कैसे पहुंचा? घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।