July 16, 2026
16 july 1
  •  3 दिन बाद मानसून एक्टिव, नारनौल सबसे गर्म

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में लोगों को अभी भारी बारिश के लिए तीन दिन का और थोड़ा इंतजार करना होगा। तीन दिन बाद मानसून दोबारा एक्टिव हो सकता है।

मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा जम्मू , देहरादून, शाहजहांपुर, बस्ती, पटना, बांकुरा, उड़ीसा, पश्चिमी बंगाल होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है, जो हिमालय की तलहटियों की तरफ बढ़ रही है। जिससे हरियाणा राज्य में मानसून की गतिविधियों में कमी 20 जुलाई तक बने रहने की संभावना है, परंतु 20 जुलाई के बाद मानसून की ट्रफ नीचे आने की संभावना से फिर से मानसून की थोड़ी सक्रियता बढ़ने की संभावना बन रही है।

वहीं राहत की बात है आज उत्तर हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा या गरज-चमक देखने को मिल सकती है।

16 जिलों में उमस और गर्मी असर दिखाएगी

वहीं गर्मी और उमस को लेकर आईएमडी ने आज फिर चेताया है। आज प्रदेश के 22 में से 16 जिलों में उमस और गर्मी का सामना करना पड़ेगा, जिसके लिए विभाग ने बकायदा यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, उत्तर हरियाणा में छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है।

आज सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात (नुह) में कल भारी उमस और गर्मी का दौर रहेगा।

आगे ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार, 17 जुलाई को भी स्थिति लगभग ऐसी ही बनी रहेगी, जहां पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में उमस का अलर्ट जारी रहेगा। हालांकि, 19 जुलाई से मौसम में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, जब मानसून एक बार फिर करवट लेगा और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश की गतिविधियां दर्ज की जा सकती हैं।

नारनौल 40.5°C के साथ सबसे गर्म

 हरियाणा में मानसून पर ब्रेक के कारण औसत अधिकतम तापमान में 0.1°C की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1°C ऊपर चल रहा है। महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में 40.5°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रोहतक में पारा 40.2°C, सिरसा में 38.6°C और अंबाला व गुरुग्राम में 38.0°C दर्ज किया गया, जिससे दिनभर लोग पसीने से तर-बतर रहे।

करनाल में 24.9°C के साथ सबसे ठंडी रात 

राज्य में रात के तापमान की बात करें तो बीते 24 घंटों में औसत तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया और यह सामान्य के आसपास ही बना हुआ है। हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान करनाल में 24.9°C दर्ज किया गया, जहां बुधवार सुबह तक बारिश होने से रात को थोड़ी राहत रही। वहीं, सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान सिरसा में 30.0°C और अंबाला में सामान्य से 3.5°C अधिक यानी 29.4°C रिकॉर्ड किया गया।