- तापमान भी रहेगा सामान्य
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में पश्चिमी हवाएं चलने की वजह से मानसून कमजोर पड़ गया। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के उत्तरी जिलों को छोड़कर अन्य कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है। हालांकि बीच-बीच में बादल छा सकते हैं। विभाग के अनुसार प्रदेश में 18 जुलाई तक मौसम शुष्क बना रहेगा।
सोमवार को मौसम सामान्य बना रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान 0.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई।
नहीं होगा बड़ा बदलाव
वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर के आसपास बना हुआ है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज में 24.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा भी दर्ज की गई, जबकि अधिकांश जिलों में बारिश नहीं हुई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
भिवानी रहा सबसे गर्म
रविवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में पिछले दिन की तुलना में औसतन अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान भिवानी में 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
15 जुलाई तक बदलेगा मौसम
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग विभागाध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने बताया कि 15 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने व बीच बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य के उत्तरी जिलों में बीच बीच में हवाओं व गरज-चमक के साथ कहीं कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है, परंतु दक्षिणी व पश्चिमी जिलों में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट या हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान हवाओं में बदलाव की संभावना है। जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी तथा वातावरण में नमी में कमी आने की संभावना है।