July 13, 2026
13 july 17
  • कर्मचारियों पर कार्रवाई और सार्वजनिक माफी तक न्यायिक कार्य रहेगा ठप

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : झज्जर जिला बार एसोसिएशन के वकीलों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। वकीलों का आरोप है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बिना किसी पूर्व सूचना और नोटिस के कोर्ट परिसर स्थित चैंबरों में घुसकर बिजली की वायरिंग काट दी। इस घटना के बाद वकीलों में भारी रोष है और उन्होंने न्यायिक कार्य से दूरी बनाने का निर्णय लिया है।

दिनभर चली बैठकें, सर्वसम्मति से लिया फैसला

घटना के बाद बार एसोसिएशन की दिनभर कई दौर की बैठकें हुईं। लंबी चर्चा के बाद सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि जब तक दोषी कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती तथा संबंधित कर्मचारी सार्वजनिक रूप से वकीलों से माफी नहीं मांगते, तब तक सभी वकील अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे और अदालतों में काम नहीं करेंगे।

किसी वकील का बिजली बिल बकाया नहीं

बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी वकील का बिजली बिल बकाया नहीं है। इसके बावजूद बिना नोटिस दिए चैंबरों की बिजली काटना नियमों के विपरीत है। वकीलों का कहना है कि विभाग ने न तो कोई सूचना दी और न ही निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया, जिससे उनके अधिकारों का उल्लंघन हुआ है।

ताले टूटे मिले, सामान चोरी होने का भी आरोप

वकीलों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की कार्रवाई के बाद कुछ चैंबरों के ताले टूटे मिले। वहीं कुछ चैंबरों से सामान चोरी होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। वकीलों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

बार एसोसिएशन ने साफ किया है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वकीलों के अनिश्चितकालीन वर्क सस्पेंड करने के फैसले से जिले में न्यायिक कार्य प्रभावित होने की संभावना है। बार एसोसिएशन ने कहा कि वकीलों के सम्मान और अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।