- उगला पूरा शिकार, वनकर्मियों ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के यमुनानगर में उस समय हड़कंप मच गया, जब खेतों में घूम रही एक बकरी को करीब 15 फुट लंबे और लगभग 50 किलो वजनी विशालकाय अजगर ने अपना शिकार बना लिया। अजगर ने पहले बकरी को अपने मजबूत शरीर से लपेटकर उसकी जान ले ली और इसके बाद पूरी बकरी को निगल गया।
ग्रामीणों ने बकरी को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद वन्यजीव विभाग को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर वन्यजीव विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद अजगर का रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान अजगर ने निगली हुई बकरी को बाहर उगल दिया।
इसके बाद टीम ने उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अजगर बकरी को निगलता और फिर रेस्क्यू के दौरान उसे उगलता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
अजगर को देख बच्चों ने मचाया शोर
मामला छछरौली क्षेत्र के गांव भीलपुरा का है। यहां के रहने वाले ग्रामीण मुनसिर ने बताया कि वह रोजाना की तरह रविवार की शाम के समय जंगल से सटे खेतों में अपनी बकरियां चराने के लिए गया था। बकरियां खेत में चर रही थीं, जबकि वह कुछ दूरी पर बैठा हुआ था। इसी दौरान आसपास खेल रहे बच्चों ने शोर मचाते हुए बताया कि खेत में एक बड़ा अजगर दिखाई दिया है।
मनुसिर के मुताबिक, बच्चों की आवाज सुनकर वह तुरंत मौके पर पहुंचा तो देखा कि खेत में हल्के भूरे रंग का करीब 14 से 15 फुट लंबा विशालकाय अजगर पड़ा हुआ था। उसका पेट एक स्थान से असामान्य रूप से फूला हुआ था, जिससे लग रहा था कि उसने अभी-अभी कोई बड़ा शिकार किया है।
रेस्कयू के दौरान बकरी को बाहर उगला
मुनसिर ने बताया कि जब उसने अपनी बकरियों की गिनती की तो एक बकरी गायब मिली। उसे तुरंत आशंका हुई कि अजगर ने उसी बकरी को निगल लिया है। इसके बाद उसने बिना देर किए वन्यजीव विभाग को सूचना दी।सूचना मिलते ही वन्यजीव विभाग की टीम कर्मचारी संजीव के नेतृत्व में मौके पर पहुंची।
टीम ने सुरक्षा उपाय अपनाते हुए काफी देर तक मशक्कत की और आखिरकार अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान अजगर ने निगली हुई बकरी को बाहर उगल दिया। इसके बाद टीम ने अजगर को वापस जंगल में छोड़ दिया ताकि वह आबादी वाले क्षेत्र से दूर रहे।
पिछले साल 2 बकरियां निगल गया था एक अजगर
ग्रामीण मुनसिर ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, जब उसकी बकरी अजगर का शिकार बनी हो। पिछले वर्ष भी इसी तरह एक अजगर उसकी दो बकरियों को निगल गया था, जिससे उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था। उसने प्रशासन से मांग की है कि वन्यजीवों के हमलों से होने वाले नुकसान पर प्रभावित पशुपालकों को उचित मुआवजा दिया जाए।
लंबाई करीब 15 फुट और वजन लगभग 50 किलोग्राम
वन्यजीव विभाग के कर्मचारी संजीव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि भीलपुरा गांव के पास खेतों में एक विशाल अजगर पहुंच गया है, जिसने एक बकरी को अपना शिकार बना लिया है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित तरीके से अजगर का रेस्क्यू किया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए अजगर की लंबाई करीब 15 फुट और वजन लगभग 50 किलोग्राम था।
बारिश में जंगल से बाहर आ जाते हैं अजगर
संजीव ने बताया कि भीलपुरा क्षेत्र जंगल से सटा हुआ है। बरसात के मौसम और भोजन की तलाश में अजगर व अन्य वन्यजीव कई बार खेतों और आबादी के नजदीक पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं अजगर या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो घबराने या उन्हें मारने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन्यजीव विभाग को सूचना दें।
वन्यजीव विभाग के अनुसार अजगर जहरीले नहीं होते, लेकिन वे बेहद शक्तिशाली होते हैं। वे अपने शिकार को शरीर से कसकर लपेटते हैं, जिससे उसकी सांस रुक जाती है। इसके बाद वे पूरे शिकार को निगल लेते हैं और कई दिनों तक बिना भोजन के रह सकते हैं। इसलिए ऐसे वन्यजीव दिखाई देने पर उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखना ही सबसे बेहतर उपाय है।