July 9, 2026
9 july 14
  • हिमाचल घूमने गए थे पार्षद

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  फतेहाबाद जिले की रतिया नगरपालिका चेयरपर्सन प्रीति खन्ना की कुर्सी एक बार फिर बच गई। उनके खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर गुरुवार को मीटिंग सिरे नहीं चढ़ सकी। एडीसी अनुराग ढालिया के छुट़्टी पर होने के कारण मीटिंग रद्द कर दी गई। हालांकि, अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले और चेयरपर्सन का समर्थन करने वाले पार्षद हिमाचल भ्रमण पर निकले हुए थे।

कोई पार्षद भी मीटिंग में भाग लेने नहीं पहुंचा। बता दें कि, प्रीति खन्ना साल 2022 में निर्दलीय चेयरपर्सन चुनी गई थीं। फरवरी 2025 में उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया था। इससे पहले 22 मई 2025 को भी प्रीति खन्ना की एक बार कुर्सी बच गई थी।

17 में से 14 पार्षदों ने जताया था अविश्वास

रतिया नगर पालिका के कुल 17 पार्षदों में से 14 पार्षदों ने 12 जून को डीसी डॉ.विवेक भारती को ज्ञापन सौंपकर अविश्वास प्रस्ताव पर मीटिंग बुलाने की मांग की थी। इसके बाद डीसी ने एडीसी अनुराग ढालिया को मीटिंग बुलाने के निर्देश दिए थे। एडीसी ने 9 जुलाई की तारीख तय की थी।

अविश्वास प्रस्ताव की मांग करने वाले ये पार्षद

अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने वाले पार्षदों में उपप्रधान जोगिंद्र नंदा, सुमन (वार्ड-1), अजमेर सिंह (वार्ड-3), हरजन कौर (वार्ड-5), हैप्पी सिंह (वार्ड-6), वार्ड-8 के पार्षद, धीरज कुमार (वार्ड-9), अजय गुप्ता (वार्ड-10), सतपाल सिंह लाडवाल (वार्ड-12), नीरू बाला (वार्ड-13), गुरप्रीत गोपी (वार्ड-14), सुरविंद्र सिंह (वार्ड-15) और गौरव शर्मा (वार्ड-16) शामिल हैं।