July 3, 2026
3 july 13
  • वेबसाइट से डाउनलोड कर पाएंगे प्रवेश-पत्र

हरियाणा  ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने जुलाई 2026 में होने वाली सीनियर सेकेंडरी और सेकेंडरी कंपार्टमेंट, आंशिक अंक सुधार और अतिरिक्त विषय की परीक्षाओं के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षार्थी 2 जुलाई से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि परीक्षार्थी अपना पिछला रोल नंबर या नाम, पिता और माता का नाम दर्ज कर प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इस बार इन परीक्षाओं में कुल 50,867 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। सीनियर सेकेंडरी की एक दिवसीय परीक्षा 9 जुलाई को होगी, जबकि सेकेंडरी कंपार्टमेंट, आंशिक अंक सुधार और अतिरिक्त विषयों की परीक्षाएं 10 से 18 जुलाई तक आयोजित की जाएंगी। बोर्ड ने परीक्षाएं निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए हैं। सीनियर सेकेंडरी के प्रदेशभर में 24 हजार 888 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें 15676 छात्र और 9212 छात्राएं हैं। सेकेंडरी में 25 हजार 979 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 16269 छात्र और 9710 छात्राएं शामिल हैं।

1000 रुपए विलंब शुल्क लगेगा

बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि जिन विद्यार्थियों का परिणाम यूएमसी की दोबारा सुनवाई, पुनः जांच या पुनर्मूल्यांकन के बाद फेल से कंपार्टमेंट में बदला है, वे बिना विलंब शुल्क के आवेदन कर सकते हैं। वहीं, जिन्होंने अब तक ऑनलाइन आवेदन नहीं किया है, वे 1000 रुपए विलंब शुल्क के साथ परीक्षा शुरू होने से पहले बोर्ड कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन कर प्रवेश-पत्र प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, जिन विद्यार्थियों का परिणाम पुनः जांच या पुनर्मूल्यांकन के बाद कंपार्टमेंट से पास हो गया है, वे आंशिक अंक सुधार की परीक्षा देने के पात्र होंगे।

प्रवेश पत्र पर दिए विवरण ठीक से पढ़ें

बोर्ड सचिव ने बताया कि परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र डाउनलोड करने उपरान्त सभी विवरण भली भांति जांच लें। यदि विवरणों में कोई भी त्रुटि है तो बोर्ड कार्यालय में आकर निर्धारित अवधि में ठीक करवा लें, बाद में ठीक करवाने बारे दिए प्रतिवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त यदि किसी परीक्षार्थी का अनुक्रमांक किसी कारण से रोका गया है, तो परीक्षार्थी किसी भी कार्यदिवस में बोर्ड कार्यालय में व्यक्तिगत तौर पर उपस्थित होकर वांछित दस्तावेज उपलब्ध करवाते हुए अपना प्रवेश-पत्र जारी करवा सकते हैं।

ए-4 साइज पेपर पर प्रवेश पत्र का प्रिंट निकलवाएं

सभी परीक्षार्थी अपना रंगीन प्रवेश-पत्र ए-4 साइज पेपर पर ही प्रिन्ट करें। परीक्षार्थी अपना वही रंगीन फोटो प्रवेश-पत्र पर चिपकाएं जो आवेदन फार्म भरते समय अपलोड किया गया था तथा प्रवेश पत्र को किसी सरकारी/गैर सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय के प्राचार्य सत्यापित करवाना सुनिश्चित करें। प्रवेश-पत्र एवं मूल आईडी कार्ड के बिना परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र को लेमिनेशन न करवाएं, क्योंकि प्रवेश-पत्र पर तिथि अनुसार परीक्षार्थी एवं पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर होने अनिवार्य हैं। परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र पर दिए गए दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए परीक्षा आरंभ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें।