- पहले जीता भरोसा, फिर QR कोड भेज नंबर किया बंद
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : पानीपत में सब्जी मंडी के एक प्याज व्यापारी (आढ़ती) से सस्ते दाम पर प्याज की गाड़ी दिलवाने का झांसा देकर साइबर जालसाजों ने ₹1,82,000 की मोटी रकम ठग ली। ठगों ने बकायदा मंडी में आकर पहले विश्वास जीता और फिर फर्जी नंबर व स्कैनर भेजकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़ित आढ़ती की शिकायत पर अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंडी में आकर मिला था अज्ञात युवक
साइबर क्राइम थाना पानीपत पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में खटीक बस्ती के रहने वाले अमन ने बताया कि वे पानीपत की नई सब्जी मंडी में प्याज बेचने का काम करते हैं। बीती 26 जून को जब वे मंडी में अपनी दुकान पर मौजूद थे, तो एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया। उस व्यक्ति ने अमन से कहा कि वह एक ऐसे बड़े प्याज व्यापारी को जानता है, जो मार्केट से बहुत अच्छे और सस्ते दाम पर प्याज की गाड़ियां भिजवाता है। अमन को झांसे में लेने के लिए उसने एक अन्य व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया और कहा कि अगर प्याज की गाड़ी मंगवानी हो, तो इस नंबर पर संपर्क कर लेना।
लालच देकर वॉट्सएप पर भेजा स्कैनर
व्यापारी अमन ने अगले दिन यानी 27 जून को दिए गए नंबर पर कॉल की। फोन उठाने वाले शख्स ने अपना नाम मुकेश शर्मा बताया। शातिर ठग मुकेश शर्मा ने अमन को अपनी बातों के जाल में फंसाते हुए कहा कि वह उसे बाजार भाव से बेहद सस्ते दाम पर प्याज की पूरी गाड़ी उपलब्ध करवा देगा, लेकिन इसके लिए नियम के मुताबिक पहले एडवांस पैसे बैंक खाते में डालने होंगे। सस्ते प्याज के लालच और व्यापारिक मुनाफे के चक्कर में अमन आरोपी के बहकावे में आ गए। आरोपी ने तुरंत अमन के वॉट्सएप पर ऑनलाइन पेमेंट के लिए क्यूआर स्कैनर भेज दिया।
फोनपे से ट्रांसफर किए 1.82 लाख रुपए
अमन ने बिना देरी किए अपने बैंक से फोनपे एप्लीकेशन के माध्यम से उस स्कैनर पर अलग-अलग बार में कुल 1,82,000 रुपए ट्रांसफर कर दिए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यह राशि जिन यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर हुई, वो नरेश कुमार के नाम से रजिस्टर्ड हैं। पैसे ट्रांसफर होने के बाद जब काफी देर तक प्याज की गाड़ी या बिल्टी के संबंध में कोई जवाब नहीं आया, तो अमन को शक हुआ। उन्होंने जब दोबारा मंडी में मिले युवक के नंबर और तथाकथित मुकेश शर्मा के नंबर पर कॉल की, तो दोनों के मोबाइल फोन पूरी तरह से बंद मिले।