- कहीं नहीं मिला फायर सेफ्टी सिस्टम
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : रोहतक में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले 20 दिनों के अंदर एक के बाद एक 10 घटनाएं हो चुकी है और एक जगह भी फायर सेफ्टी सिस्टम देखने को नहीं मिला। आग बुझाने के लिए फायर विभाग को भी कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
पिछले 20 दिनों की बात करें तो 9 जून से शुरू हुई आगजनी की घटना शुरू हुई, जिसके बाद से लगातार आग लगने की घटनाएं हो रही है। कहीं एसी के कम्प्रेशर में आग लगी तो कहीं शॉर्ट सर्किट ने दुकान व मकानों को आग के हवाले कर दिया। आग लगने के कारण लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है।
9 जून को मॉडल टाउन व अनाजमंडी में लगी आग
मॉडल टाउन में 9 जून को भीषण अग्निकांड देखने को मिला था। मॉडल टाउन में दुकान के ऊपर एसी का कम्प्रेशर फटा था, जिसके कारण 10 दुकानों में आग लगी और 3 लोग जिंदा ही जल गए। उसी दिन अनाजमंडी में भी एक शेड के नीचे आग लगी, जिसे फायर ब्रिगेड की टीम ने काबू किया।
19 जून को मॉडल टाउन में फिर लगी आग
मॉडल टाउन में 19 जून को डेंटल क्लीनिक में एसी के कारण आग लगी, जिसके बाद बाहर पीवीसी जली। लेकिन मौके पर तुरंत फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। वहीं, दोपहर के समय सेक्टर-3 मार्केट में कैफे व जिम में आग लगी और देर रात को सांपला में एक तीन मंजिला शोरुम में आग लगने से भारी नुकसान हुआ।
28 जून को मन्नत हवेली के बाहर दुकान में लगी आग
खरावड़ गांव के पास 28 जून को मन्नत हवेली के बाहर दो दुकानों में भीषण आग लगी, जिसे फायर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर काबू किया। आग लगने के कारण दोनों दुकानों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया।
29 जून को 3 जगह लगी आग
शहर में 29 जून को तीन जगह आग लगी, जिसमें बाबरा मोहल्ले के अंदर एक मकान के दूसरे फ्लोर पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, वहीं खोखराकोट में भी शॉर्ट सर्किट के कारण मकान के अंदर आग लगने से कमरे की छत तक गिर गई। तीसरा लाढौत रोड पर पराली की फैक्ट्री में वेल्डिंग की चिंगारी से आग लगी। तीनों जगह फायर विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फायर सेफ्टी सिस्टम न होने के कारण हो रहा नुकसान
फायर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दुकानों के अंदर फायर सेफ्टी सिस्टम न होने के कारण आगजनी में अधिक नुकसान हो रहा है। अगर दुकानों के अंदर फायर सेफ्टी सिस्टम लगा हो तो आग लगने पर नुकसान कम होगा। वहीं, लोगों को भी फायर सिस्टम रखने के लिए जागरूक होना होगा।