June 30, 2026
30 june 2
  • 11 शहरों का पारा 40°C पार; रात में भी राहत नहीं

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में मानसून की लेटलतीफी से प्रदेश में गर्मी और उमस का असर लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को प्रदेश के 11 शहरों और मौसम केंद्रों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रोहतक में रिकॉर्ड हुआ।

इसके बाद सिरसा (43.4), हिसार (43.3) और भिवानी (43.0) सबसे गर्म रहे। वहीं पलवल, गुरुग्राम, नूंह, गुरुग्राम, हिसार और फतेहाबाद का तापमान भी 40 डिग्री से अधिक रहा, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

गर्मी और उमस के कारण दिन के साथ रातें भी बेचैन कर रही हैं। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए कूलर और एसी का सहारा ले रहे हैं। इससे बिजली की मांग अचानक बढ़ गई है। कई शहरों और ग्रामीण इलाकों में ओवरलोडिंग के कारण लंबे बिजली कट लग रहे हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

आज 15 जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज प्रदेश के 15 जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल और यमुनानगर शामिल हैं। जबकि अंबाला, पंचकूला और चंडीगढ़ क्षेत्र में भी हल्की बारिश के संकेत हैं।

वहीं रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत और जींद जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

एक जुलाई से प्री-मानसून एक्टिव होगा

मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। 2 और 3 जुलाई को उत्तर एवं उत्तर-पूर्वी हरियाणा में अनेक स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। इसी दौरान मानसूनी हवाएं प्रदेश में अधिक सक्रिय होंगी, जिससे तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलने की संभावना है।

प्रदेश में हीटवेव जैसे हालात, रोहतक सबसे गर्म

हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रोहतक में रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा सिरसा 43.4, हिसार 43.3 और भिवानी 43 डिग्री पर रहे। कुल 11 शहरों का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया। । मौसम विभाग का कहना है कि 1 जुलाई से बारिश की गतिविधियां बढ़ने के बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

रात में भी नहीं मिल रही राहत

प्रदेश में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान फरीदाबाद में 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। सिरसा में रात का तापमान 31 डिग्री रहा, जबकि अंबाला में 30.8 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकांश जिलों में रात का तापमान 28 से 31 डिग्री के बीच रहने से लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही।

मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश शुरू होने के बाद रात के तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट आएगी और उमस कम होगी।