June 28, 2026
28 june 9
  • गुजरात के लोग निशाने पर, कई करोड़ ठग चुकी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : गुरुग्राम में पुलिस ने वजन कम करने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने उद्योग विहार में छापा मारकर तीन लड़कियों को पकड़ा है। इनके कब्जे से 102 मोबाइल, 150 सिम कार्ड व 12 लैपटॉप बरामद हुए हैं। आरोपियों की पहचान मंदीप निवासी आया नगर, दिल्ली हाल निवासी चक्करपुर, नेहा निवासी रंगपुरी, दिल्ली तथा वर्षा निवासी मैनपुरी, उत्तर-प्रदेश हाल निवासी सुशांत लोक के रूप में हुई। इनके खिलाफ कॉल सेंटर संचालित करके धोखाधड़ी करने पर साइबर क्राइम वेस्ट में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

हर्बल दवाइयां बेचने के एड से फंसाते थे

एसीबी साइबर क्राइम गौरव फोगाट ने बताया कि पुलिस पूछताछ व जांच में पता चला कि Curest Science and Wellness Pvt. Ltd. के नाम से फेसबुक व इंस्टाग्राम पेज बनाकर उन पर वजन कम करने की हर्बल दवाइयां बेचने के विज्ञापन चलाए जाते थे। जब कोई व्यक्ति इन विज्ञापनों को देखकर उस पेज पर क्लिक करता तो उसके बाद कॉल सेंटर से आरोपियों द्वारा उस व्यक्ति से बात की जाती थी तथा उनको वजन कम करने की दवाइयां बेची जाती थी।

दवाइयों से वजन नहीं हुआ कम

इन दवाइयां से वजन कम नहीं होता था तथा लोगों को वजन कम नहीं होने पर 100% रिफंड देने की बात कही जाती थी, लेकिन उसके बाद लोगों को रिफंड नहीं दिया जाता है तथा उनको ब्लॉक कर दिया जाता था।

गुजरात के लोग टारगेट

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि इस कॉल सेंटर से आरोपियों द्वारा गुजरात में लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी की गई थी तथा विभिन्न राज्यों में भी वजन कम करने की दवाइयों के नाम पर ठगी की वारदातों को अंजाम दिया गया था।

खुद ही ब्यूटीशियन बनती थी

आरोपियों द्वारा स्वयं को ब्यूटीशियन, डाइटिशियन तथा डॉक्टर होने की बात कह कर लोगों को गुमराह करके ठगी की वारदात को अंजाम दिया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि धोखाधड़ी में प्रयोग किए गए मोबाइल नंबर कंपनी के कर्मचारियों को आवंटित किए गए थे तथा पूरे संचालन का नियंत्रण कंपनी के मैनेजर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (CAO), डायरेक्टर, मालिक एवं अन्य सहयोगियों द्वारा किया जा रहा था।