June 27, 2026
27 june 9
  • औसत तापमान 1.3 डिग्री बढ़ा, रोहतक रहा सबसे गर्म

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ के अनुसार प्रदेश में 30 जून के बीच अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद कुछ स्थानों पर बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज 27 जून को प्रदेश के 3 जिलों पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। 27 जून और 29 जून से 1 जुलाई के बीच प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

कहीं-कहीं हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। उधर, नारनौल में शनिवार की सुबह आसमान में हल्के बादल दिखाई दिए। हल्की हवा भी चल रही थी।

औसत तापमान 1.3 डिग्री बढ़ा, रोहतक रहा सबसे गर्म

उधर, शुक्रवार को हरियाणा में अधिकतम तापमान में औसतन 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश का तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान रोहतक में 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा अंबाला में 41.6 डिग्री, करनाल में 41.2 डिग्री, हिसार में 41.3 डिग्री, भिवानी में 41 डिग्री, गुरुग्राम में 40 डिग्री और नारनौल (महेंद्रगढ़) में 38 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

तापमान में बदलाव की संभावना नहीं

हालांकि प्रदेश में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। बादलों की आवाजाही और रुक-रुक कर होने वाली बारिश के कारण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन उमस बनी रह सकती है।

लोगों को सावधान रहने की जरूरत

मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सलाह दी है कि मौसम के ताजा पूर्वानुमानों पर नजर रखें। तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें और वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें।