June 26, 2026
26 june 17
  • खत्म हो 35% क्राइटेरिया, अनशनकारियों की बिगड़ी तबीयत

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की विभिन्न मांगों को लेकर पंचकूला सेक्टर-5 स्थित धरना स्थल पर आमरण अनशन कर रहे अभ्यर्थियों के आंदोलन को समर्थन देने
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने अनशनकारी अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

धरने पर बैठे हरियाणा लोक सेवा आयोग अभ्यर्थी संघर्ष समिति के 30 से अधिक अभ्यर्थियों का प्रदर्शन शुक्रवार को 9वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान आमरण अनशन पर बैठीं पल्लवी, सुमन, सुरेंद्र और रमनदीप की तबीयत लगातार बिगड़ने की बात सामने आई। इसके बावजूद अभ्यर्थियों ने साफ कहा कि मांगें पूरी होने तक अनशन समाप्त नहीं किया जाएगा।

अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार और आयोग के समक्ष आवाज उठाई है। लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। इसी कारण वे आमरण अनशन करने को मजबूर हुए हैं।

ये हैं अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगें

HPSC भर्ती में लागू 35 प्रतिशत न्यूनतम अंक (क्राइटेरिया) की शर्त समाप्त कर पात्र अभ्यर्थियों को रिक्तियों के मुकाबले 2 गुना संख्या में इंटरव्यू के लिए बुलाया जाए।
कास्ट सर्टिफिकेट संबंधी कारणों से PGT भर्ती प्रक्रिया से बाहर किए गए पात्र OBC अभ्यर्थियों को तत्काल नियुक्ति (जॉइनिंग) दी जाए।
सामान्य वर्ग की सीटों में 90 प्रतिशत सीटें हरियाणा के मूल निवासियों के लिए आरक्षित की जाएं।

‘मांगें पूरी होने तक अनशन जारी रहेगा’

अभ्यर्थियों ने कहा कि जब तक उनकी सभी मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आमरण अनशन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि धरना स्थल पर किसी भी अनशनकारी के स्वास्थ्य या जीवन को कोई नुकसान पहुंचता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।