- आज हर समारोह में गूंज रहे हरियाणवी गीत
हरियाणा ब्रेेकिंग न्यूज :
झज्जर पहुंचे हरियाणवी कलाकार मासूम शर्मा ने कहा कि हरियाणवी सिनेमा और म्यूजिक इंडस्ट्री का भविष्य बेहद उज्ज्वल है। आज हरियाणवी गीत और कलाकार केवल प्रदेश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। झज्जर जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे मासूम शर्मा ने मीडिया से बातचीत के दौरान हरियाणवी संगीत और सिनेमा के बदलते स्वरूप पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि समय के साथ हरियाणवी इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। एक दौर था जब शादी समारोहों, सामाजिक आयोजनों और बड़े कार्यक्रमों में हरियाणवी गाने सुनाई नहीं देते थे, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।
कार्यक्रमों में भी हरियाणवी गीतों की धूम देखने को मिलती है
अब प्रदेश ही नहीं, देश के विभिन्न हिस्सों में होने वाले कार्यक्रमों में भी हरियाणवी गीतों की धूम देखने को मिलती है। मासूम शर्मा ने कहा कि यह सफलता किसी एक कलाकार की नहीं, बल्कि पूरी हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के सामूहिक संघर्ष और मेहनत का परिणाम है। हर कलाकार ने अपने स्तर पर कड़ी मेहनत की है और लगातार बेहतर कंटेंट देने का प्रयास किया है। इसी का नतीजा है कि आज हरियाणवी गीत करोड़ों लोगों तक पहुंच रहे हैं और युवाओं के बीच खासे लोकप्रिय हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा का कलाकार अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ा है। यहां किसी को सफलता आसानी से नहीं मिली। हर कलाकार ने संघर्ष के रास्ते से गुजरकर अपनी पहचान बनाई है। आज नई पीढ़ी के कलाकार भी नए विषयों और आधुनिक तकनीक के साथ काम कर रहे हैं, जिससे हरियाणवी संगीत और सिनेमा का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
हरियाणवी सिनेमा और संगीत उद्योग राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत पहचान बनाएगा
मासूम शर्मा ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में हरियाणवी सिनेमा और संगीत उद्योग राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तेजी से हरियाणवी कंटेंट को दर्शकों का प्यार मिल रहा है, उसे देखते हुए इंडस्ट्री के लिए संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। झज्जर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मासूम शर्मा ने अपनी प्रस्तुति से भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उनकी एक झलक पाने और गीत सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे।