September 22, 2026
Untitled design (6)
  • आरोपी मौके से फरार, गांव में सुरक्षा कड़ी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : अंबाला जिले में बुधवार की दोपहर 2 पक्षों के बीच हुए आपसी विवाद में एक युवक को गोली लग गई। गोली लगने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते पुलिस ने एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाकर उपचार शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार दुखेड़ी गांव में गली के ही दो पक्षों के बीच पहले भी कहासुनी हुई थी। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन बुधवार को करीब 12 बजे एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने गोली चला दी।

केशव के पेट में लगी गोली, हालत गंभीर

गोली लगने से 19 वर्षीय केशव गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके पेट में लगी, जिससे वह खून से लथपथ हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत उसे अंबाला-दिल्ली हाईवे स्थित आदेश अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन किया। फिलहाल उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

रिश्तेदारी का एंगल, पुलिस जांच में जुटी

बताया जा रहा है कि हमलावर और पीड़ित आपस में दूर के रिश्तेदार हैं, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद सीआईए और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। टीम को घटनास्थल से एक गोली का खोल भी बरामद हुआ है।

गांव में पुलिस बल तैनात, हालात काबू में

घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।