June 5, 2026
5 june 10
  • बोले- मुस्लिमों को भगा बुजुर्गों ने गलती की

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के हिसार में पंजाबी यू-ट्यूबर को पाकिस्तानी और रिफ्यूजी कहने पर एक युवक जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गया। युवक हिसार के गांव सुंडावास का रहने वाला है और खेतीबाड़ी करता है। वह यूट्यूबर के दिखाए किसी कंटेंट से नाराज था। इसी वजह से उसने फोन पर यू-ट्यूबर विपिन खुराना को पाकिस्तान और रिफ्यूजी कह दिया।

इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पंजाबी समाज यू-ट्यूबर के पक्ष में एकत्रित हो गया। इसके बाद पुलिस ने युवक सुनील पर केस दर्ज कर पकड़ लिया और कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

युवक को जेल भेजने से जाट आरक्षण संघर्ष समिति के पूर्व प्रधान हवा सिंह सांगवान भड़क गए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी और रिफ्यूजी कहना कोई गलत नहीं है। उन्होंने पंजाबी समाज को लेकर टिप्पणी की। सांगवान ने कहा- अगर यहां से हम मुसलमानों को नहीं भगाते तो ये लोग यहां नहीं आते। हमारे बुजुर्गों ने गलती की। इन्होंने हमें देखकर ही घी खाना सीखा है। आप लोग जो गलत काम कर रहे हो, लोगों के पीछे पड़े हुए हो, आपको भुगतना पड़ेगा। बता दें इससे पहले भी सांगवान पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर को पाकिस्तानी कह चुके हैं। सांगवान ने सवाल किया था कि अगर बिहार से आने वाले परिवारों के बच्चे हरियाणा में जन्म लेकर हरियाणवी नहीं हो सकते, तब सीएम हरियाणवी कैसे बन गए?।

2 जून को यूट्यूबर को दी गई थी धमकी

हरियाणा के हिसार के मेहता नगर निवासी विपिन खुराना यह धमकी 2 जून को दी गई थी। विपिन के मुताबिक, 2 जून को सुबह करीब 11:29 बजे उसके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से ऑडियो कॉल आई। कॉल करने वाले ने भद्दी गालियां दीं और रिफ्यूजी, पाकिस्तानी कहकर अपमानित किया।

विरोध करने पर मुझे और मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए भविष्य में गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही। विपिन ने इसकी शिकायत एचटीएम (HTM) थाना पुलिस से की। पुलिस ने जान से मारने की धमकी देने वाले के खिलाफ तहत केस दर्ज कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया था।

आप लोगों ने ही कहा था-शरणार्थी बोलो 

सांगवान ने पाकिस्तान से आए पंजाबी लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि हिसार में एक लड़के ने किसी को पाकिस्तानी कह दिया तो उसे जेल में डलवाया जा रहा है। इस बारे में मैं साफ कहना चाहता हूं कि पहले हम आप लोगों को पाकिस्तानी बोलते थे। इसके बाद आप लोगों ने ही कहा था कि हमें शरणार्थी बोलो। हम शरणार्थी बोलने लग गए। आपने शरणार्थी बनकर भारत सरकार और पंजाब सरकार से पैसा, जमीन और अनाज भी लिया है। आपकी पूरी कम्यूनिटी बाहर से आई, इसलिए आपको शरणार्थी बोला गया था। आप लोग शरणार्थी से कब हट गए, इसका अंदाजा कभी हुआ ही नहीं।

संविधान की धारा 6 को बदलवाओ

सांगवान ने कहा कि आप बोलते हो कि यह लड़का पाकिस्तानी बोलता है। मैं कहना चाहूंगा कि आप संविधान की धारा 6 पढ़ लो। आप पाकिस्तान से आए हो, इसलिए आप पाकिस्तानी मूल के हो। यही बात मैंने खट्‌टर के बारे में कही थी, जब वो मुख्यमंत्री था। मैं आज भी बोलता हूं कि जितने भी हिंदू पाकिस्तान से आए हैं, यह पाकिस्तानी मूल के हैं। यह संविधान की धारा 6 में लिखा है, आप उसे बदलवा लो, अगर आप लोगों में हिम्मत है।

आप केले के छिलके की सब्जी बनाते थे 

जाट नेता सांगवान ने कहा कि आप ये बोलते हो बार-बार कि हमने खाना सिखाया। मैंने अपनी आंखों से देखा है, मेरी 80 साल उम्र होने वाली है। मैंने देखा है आप लोग केलों के छिलकों की सब्जी बनाते थे। आप हमको क्या सिखाओगे। भूखे-नंगे आए थे और यहां आकर आपने दूध पीना और घी खाना सीखा है। आपके वहां कहां दूध होता था। आपके वहां कुछ नहीं होता था। आप लोग यहां आकर शेर बने हो। इसके बाद आपने बोला था कि हमने सांगवान के पुतले जलाए। जलाए होंगे, मगर हमने भी खट्‌टर के पुतले जलाए थे।

आप लोगों को भुगतना पड़ेगा

हवा सिंह सांगवान ने कहा कि आप लोग जो गलत काम कर रहे हो, लोगों के पीछे पड़े हुए हो आप लोगों को भुगतना पड़ेगा। मैं जोर देकर कह रहा हूं कि हरियाणा के लोगों की आप बेईज्जती मत करो। हमें फिर वहीं पुराना काम करना पड़ेगा। मैंने चार दिन पहले भी कहा था कि हमने मुसलमानों को यहां से भगाकर गलती की। यह बड़ी गलती जाटों की थी। मुसलमानों को मारना ही नहीं चाहिए था। अगर मुसलमानों को नहीं मारते तो आप लोग हरियाणा में नहीं आते।
हमने बिना सोचे काम किए : सांगवान ने कहा कि हमारी गलती है कि हम बिना सोचे काम कर देते हैं। कहना चाहता हूं कि हमारे बुजुर्गों ने मुसलमानों को मारकर बहुत बड़ी गलती की। हमारी इस गलती को हमारी आने वाली पीढ़ियां कई सालों तक भुगतेगी। मैं तो कहता हूं कि जब तक आप हमें छेड़ेगों नहीं, तब तक हम छिड़ेंगे नहीं। मुझे भी जेल में डालो, मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज करो।

10 साल पहले सांगवान ने खट्‌टर को पाकिस्तानी कहा था

बता दें कि करीब 10 साल पहले भी हवा सिंह सांगवान ने तत्कालीन सीएम मनोहर लाल खट्‌टर को पाकिस्तानी कहा था। सांगवान ने कहा था कि यह हरियाणा की बदनसीबी है कि प्रदेश का मुख्यमंत्री एक पाकिस्तानी है। कोई जन्म लेने से हरियाणवी नहीं हो जाता। सीएम मूलत: पाकिस्तानी हैं और मैंने यह कहकर कोई गलत बात नहीं कही।

खट्‌टर ने कहा था-हमने विभाजन की पीड़ा झेली

ऐसे बयानों के बाद विधानसभा में सीएम मनोहरलाल ने कहा था कि मुख्यमंत्री के अलावा मैं एक नागरिक भी हूं। मुझे पाकिस्तानी बताया गया। हमने विभाजन की पीड़ा झेली है। मातृभूमि के लिए अपना व्यापार, जमीन आदि सबकुछ छोड़ा है। सोच समझकर बोलना चाहिए। ऐसा प्रचार करने वालों को मैं शरारती और शैतान ही कहूंगा। अगर किसी को कोई गलतफहमी है तो निकाल देनी चाहिए। हम एक थे, एक हैं और एक रहेंगे।