June 2, 2026
2 june 8
  • दुकानदार बोला- 6 दिन पहले मांगे थे ₹5 लाख, युवाओं ने की तोड़फोड़

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में नया बाजार स्थित बंसल रेडिमेड पर सुबह करीब 11 बजे आठ से दस युवाओं ने दुकानदार के साथ मारपीट व तोड़फोड़ की। इससे दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल हो उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

श्याम कॉलोनी के नंद किशोर ने नया बाजार में रेडीमेड कपड़ों की दुकान की हुई है। सुबह करीब दस बजे उसने अपनी दुकान खोली थी। करीब 11 बजे आठ से दस युवा लाठी-डंडों के साथ उसकी दुकान में आए। जब युवा दुकान में आए, तो नंद किशोर का लड़का निखिल बंसल दुकान पर था। आते ही युवाओं ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। युवाओं ने उसको दुकान से बाहर निकालकर मारा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अंजाम भुगतने की दी थी चेतावनी

युवाओं के दुकान पर हमला करने की सूचना किसी ने डायल 112 पर दे दी। जिसके बाद मौके पर पुलिसकर्मी पहुंचे। तब तक युवा मारपीट कर वहां से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। वहीं घटना के बारे में आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस बारे में निखिल बंसल के भाई अंश बंसल ने बताया कि करीब पांच छह दिन पूर्व निखिल से कुछ युवाओं ने पांच लाख रुपए की डिमांड की थी।

नहीं देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी। हो सकता है उन युवाओं ने ही इस घटना को अंजाम दिया हो।

घायल को अस्पताल में कराया भर्ती

मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल निखिल को नारनौल के नागरिक अस्पता पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने के बाद निखिल बंसल के परिजन दुकान पर पहुंचे। जिसके बाद दुकानदार ने दुकान को बंद कर दिया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते घटना स्थल पर पुलिस को भी तैनात कर दिया गया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य बाजार के अनेक दुकानदार भी वहां पर एकत्र हो गए।

दुकानदारों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से दुकानदारों में भय का माहौल बन जाता है।

इस बारे में पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि पीड़ित दुकानदार की ओर से शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।