- मंत्री आरती राव बोलीं- यहां कोई हो तो इन्हें डिटेल दें
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :हरियाणा की BJP विधायक ने कुंवारों से बायोडाटा मांग लिए। रेवाड़ी नगर परिषद के चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद धन्यवाद सभा करने पहुंची विधायक ने कहा कि अब कुंवारों की शादी करा देंगे।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव भी पहुंचीं। विधायक बिमला चौधरी की बात सुनकर उन्होंने हंसते हुए कहा कि यहां पर भी कोई कुंवारा हो तो इन्हें बता दीजिए, शादी करा देंगी।
दरअसल, रेवाड़ी में एक चुनावी कार्यक्रम में विधायक बिमला ने युवाओं की शादी कराने की बात कही थी। इसी को दोहराते हुए उन्होंने अब मीडिया के सामने ही युवाओं से उनकी शादी के लिए बायोडाटा मांग लिए।
धन्यवाद कार्यक्रम में पहुंची: स्वास्थय मंत्री आरती राव और पटौदी विधायक बिमला चौधरी गुरुवार को रेवाड़ी में एक धन्यवाद कार्यक्रम में पहुंची थी। रेवाड़ी से बीजेपी की विनिता पीपल की जीत के बाद ये कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक ने कहा कि चुनाव में वादा किया था।
अब जो बचे, उनकी शादी कराएंगे: विधायक ने आगे कहा कि मैं अपनी जुबान पर कायम हूं। अगर आपकी नजर में कोई कुंवारा है तो बायोडाटा दीजिए। रेवाड़ी, बिजलीघर और रामपुरा में फर्रुखनगर, पटौली की काफी लड़कियों की शादी हुई है। अब जो कुंवारे बचे हुए हैं, उनकी भी शादी करा देंगे।
अब जानिए विधायक ने चुनाव के दौरान क्या वादा किया…
रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव के दौरान विधायक बिमला चौधरी चुनाव प्रचार के लिए आई हुईं थीं। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने आरती के साथ एक चुनावी सभा में कहा था कि चुनाव में भाजपा को जितवा दो। हम सभी कंवारों की शादी करवा देंगे।
हमारी चेयरपर्सन बनेंगाी तो शादी करवा देंगी
रेवाड़ी के गोल चक्कर पर हुई इस जनसभा के बाद मीडिया से बातचीत में विधायक विमला चौधरी ने कहा था कि मैं पलवल की बेटी हूं। पलवल में हमने रेवाड़ी, रामपुरा, बिजलीघर के युवाओं की शादी कराई है। अब कोई कुंवारा नहीं रहेगा। पहले वोट करो, फिर अपनी शादी करवाओ।
मैंने अपना समझकर वोट मांगी है
मीडिया कर्मियों के एक सवाल का जवाब देते हुए विमला ने कहा था कि चेयरपर्सन तो हमारी जीतेगी ही, लेकिन युवाओं की शादी भी होगी। मैंने 36 बिरादरी से वोट मांगी है, हमने यहां लड़कों की शादी कराई हैं। मैंने अपना समझकर वोट मांगी हैं, पलवल में कई शादियां कराई हैं।
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने भी ली चुटकी
जनसभा में मौजूद स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने भी विधायक के बयान पर चुटकी लेते कहा था- आज तो बिमला चौधरी जी ने गजब ही कर दिया। विकास की बात तो ठीक थी, लेकिन अब तो लगता है कि बिमला जी ने रेवाड़ी में ‘मैरिज ब्यूरो’ ही खोल दिया है, वे अपना वादा पूरा भी करेंगी।
पहली बार शपथपत्र में अनपढ़ बताया, अगली बार 10वीं पास
बिमला चौधरी पटौदी एससी रिजर्व सीट से दूसरी बार BJP विधायक बनी हैं। पहली बार साल 2014 में विधायक बनीं। तब नामांकन के साथ दिए शपथपत्र में खुद को अनपढ़ बताया था। 2019 में पार्टी ने इन्हें टिकट नहीं दिया। साल 2024 में दोबारा मैदान में उतारा। तब इन्होंने नामांकन पत्र में खुद के 10वीं पास बताया। इन्होंने खुद को 2018 में नेशनल ओपन स्कूल से मैट्रिक दिखाया। इस बार के चुनाव में कांग्रेस की पर्ल चौधरी को हराया था।