May 15, 2026
15 may 14
  • शामलात जमीन की रजिस्ट्री के बदले मांगी थी घूस

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फतेहाबाद जिले के टोहाना में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) अंबाला की टीम ने खंड पंचायत एवं विकास अधिकारी (बीडीपीओ) ऑफिस में कार्यरत पटवारी उमेद बुरा को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई डीएसपी अंबाला ओमप्रकाश नैन के नेतृत्व में की। आरोपी पटवारी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए टीम ने विशेष योजना बनाई थी।

गांव पारता निवासी कपिल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पटवारी उमेद बुरा शामलात जमीन की रजिस्ट्री करवाने के बदले 50 हजार रुपए की मांग कर रहा था। कपिल ने इसकी सूचना एंटी करप्शन ब्यूरो को दी थी।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने शिकायतकर्ता कपिल को योजना के तहत पटवारी को दी जाने वाले नोटों के नंबर लिख लिए और उन पर रंग लगाकर दे दिए।

रंगे हाथ पकड़ा, हाथों पर रंग मिला

प्लान के तहत जब पटवारी उमेद बुरा रुपए लेने लगा तो टीम ने उसे तुरंत दबोच लिया। उसके हाथ पानी में डुबोने पर रंग लाल हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। गिरफ्तारी के बाद टीम ने पटवारी उमेद बुरा के कमरे और संबंधित रिकॉर्ड की भी गहन जांच की है। फिलहाल, टीम मामले में जांच कर रही है।