May 12, 2026
12 may 1
  • अधिकतम तापमान में 2.7°C की गिरावट

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मंगलवार सुबह पंचकूला, यमुनानगर और करनाल में बारिश हुई। पानीपत और सोनीपत के आसपास के क्षेत्रों में बादलवाई है। यहां भी बारिश की संभावनाएं बनी हुई हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने महेंद्रगढ़, झज्जर, रोहतक, रेवाड़ी, पलवल और नूंह में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

पिछले दो दिन से मौसम में बदलाव के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 2.7°C की गिरावट दर्ज की गई। लोगों को कुछ हद तक गर्मी से राहत मिली है।

रोहतक सबसे गर्म शहर रहा

सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.7°C नीचे रहा। प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी रोहतक में दर्ज की गई, जहां पारा 38.8°C रहा। इसके बाद महेंद्रगढ़ में 38.1°C और हिसार में 37.8°C रिकॉर्ड किया गया। भिवानी में तापमान में सबसे ज्यादा 5°C की गिरावट देखी गई। आगामी दो दिनों तक पारा 40 डिग्री के नीचे ही बने रहने की संभावना है।

प्रदेश में न्यूनतम तापमान बढ़ा

प्रदेश के न्यूनतम तापमान में रविवार के मुकाबले 0.7°C की मामूली बढ़ोतरी हुई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य के करीब बना हुआ है। सोमवार सुबह रोहतक और गुरुग्राम प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके रहे, जहां न्यूनतम तापमान 22.0°C दर्ज किया गया। सिरसा में 6.5 mm की हल्की बारिश भी रिकॉर्ड की गई। रात के समय हवाओं में नमी बढ़ने से गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।