April 16, 2026
16 april 1
  • 17-18 को बूंदाबांदी की संभावना, रात का तापमान भी बढ़ा

हरियाणा  ब्रेकिंग न्यूज: हरियाणा में अप्रैल महीने के मध्य में ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9°C तक ज्यादा दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार औसत अधिकतम तापमान में 0.8°C की बढ़ोतरी हुई है।

प्रदेश में रोहतक और फरीदाबाद सबसे गर्म रहे, जहां पारा 40.5°C तक पहुंच गया। इसके अलावा 7 जिलों में तापमान 40°C के करीब दर्ज किया गया, जिससे दिन के समय लू जैसे हालात बनने लगे हैं। वहीं 39°C से ऊपर तापमान वाले 5 जिले रहे इसमें हिसार (39.3°C), नारनौल (39.5°C), गुरुग्राम (39.1°C), नूंह (39.0°C) और जींद (39.2°C)।

इससे साफ है कि प्रदेश के बड़े हिस्से में तेज गर्मी पड़ रही है। रात का तापमान भी बढ़ रहा है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल रही। कई जगह न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास या उससे थोड़ा ऊपर बना हुआ है।

17-18 को बूंदाबांदी की संभावना

चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, प्रदेश में 20 अप्रैल तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। 15 और 16 अप्रैल को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 17 व 18 अप्रैल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान के ऊपर बनने वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण आंशिक बादल छा सकते हैं।

इस दौरान गरज-चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी और हवाएं चलने की संभावना है, जिससे गर्मी से मामूली राहत मिल सकती है। हालांकि, 19-20 अप्रैल से फिर मौसम साफ होगा और दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी।

रात का तापमान भी 1 डिग्री तक बढ़ा

प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली है। औसत न्यूनतम तापमान में करीब 1°C की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे रातें भी गर्म महसूस होने लगी हैं। करनाल में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.4°C रिकॉर्ड हुआ, जबकि अधिकांश जिलों में यह 17°C से 22°C के बीच रहा।

गुरुग्राम, फरीदाबाद और सिरसा जैसे इलाकों में रात का तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहा, जिससे उमस बढ़ी है। रात में हवा की गति कम रहने से गर्मी का असर बना रहता है।