- भिवानी सबसे गर्म , दिन में झुलसाने लगी धूप
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में गर्मी ने तेजी पकड़ ली है। मौसम विभाग के 13 अप्रैल के बुलेटिन के मुताबिक राज्य के 19 शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। सबसे ज्यादा तापमान भिवानी में 37.4°C दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में औसत अधिकतम तापमान में करीब 1.7°C की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें और तेजी से इजाफा होने की संभावना है।
हिसार, रोहतक, जींद, सिरसा, नूंह, पलवल, महेंद्रगढ़ समेत कई जिलों में गर्मी का असर साफ दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 4-6°C तक और बढ़ोतरी संभव है। अगले 2 दिन 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि अभी हीट वेव की कोई संभावना नहीं है।
किसानों के लिए एडवाइजरी
मौसम शुष्क रहने और तापमान बढ़ने के चलते किसानों को सिंचाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। गेहूं में पीला रतुआ और कीटों की नियमित निगरानी करें। सरसों व तिलहन फसलों में माहू (एफिड) दिखने पर तुरंत नियंत्रण उपाय अपनाएं। फलों के बागों में हल्की सिंचाई और खाद प्रबंधन जारी रखें।
तेज हवाओं को देखते हुए कटी फसल को सुरक्षित बांधकर रखें। अगले 3-4 दिन मौसम बदलने की संभावना के कारण नई बुवाई और स्प्रे कार्य टालें। पशुओं को दिन में छांव में रखें और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराएं ताकि हीट स्ट्रेस से बचाव हो सके।
6 शहरों में 36 डिग्री से ज्यादा तापमान
हरियाणा में अधिकतम तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई जिलों में यह 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। 13 अप्रैल को भिवानी में सबसे ज्यादा 37.4°C दर्ज किया गया, जबकि हिसार, रोहतक, जींद, सिरसा और नूंह समेत कई शहरों में पारा 36°C के आसपास रहा।
औसत अधिकतम तापमान में 1.7°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5-7 दिनों में तापमान में 4 से 6 डिग्री तक और इजाफा हो सकता है। लगातार शुष्क मौसम और तेज धूप के कारण दिन के समय गर्मी और तेज महसूस होगी।