- यमुनानगर में पूर्व विधायक की फैक्ट्री पर गोलियां चलाई थीं, पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के यमुनानगर में पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की प्लाईवुड फैक्ट्री पर फायरिंग करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को पुलिस टीम उसे वारदात से जुड़े सबूतों की बरामदगी के लिए ले जा रही थी।
तभी खजूरी पुल के पास आरोपी ने पुलिस को चकमा दिया और पुल से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पैरों में चोट आई है। घटना के बाद SP कमलदीप गोयल अस्पताल में पहुंचे।
आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र के सिंनहरी खालसा निवासी अमन उर्फ काकू के रूप में हुई है। उसने 30 मार्च की रात को जठलाना गांव स्थित फैक्ट्री के गेट पर फायरिंग की थी।
गेट पर फायरिंग की, 8 गोलियों के खोल मिले
30 मार्च की रात 10 बजे जठलाना स्थित दिलबाग सिंह की प्लाइवुड फैक्ट्री ट्रेनाक्स लिमिटेड पर 2 हथियारबंद युवकों ने फायरिंग कर दी थी। गोलियां गेट को चीरते हुए अंदर खड़े ट्रक तक जा पहुंचीं। उस समय फैक्ट्री में मजदूर काम कर रहे थे। हालांकि, किसी को गोली नहीं लगी। घटना की सूचना के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। मौके से 8 गोलियों के खोल बरामद हुए।
पोस्ट में लिखा- जो साथ काम करेगा, तैयारी कर लो
फायरिंग के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट से इसकी जिम्मेदारी ली गई। गैंगस्टर शुभम पंडित और नोनी राणा ने पोस्ट में लिखा- यह तो सिर्फ ट्रेलर था। जो भी दिलबाग के साथ मिलकर काम करेगा, अपनी तैयारी कर लो। किसी को फोन नहीं किया जाएगा। जो हमारी कॉल को नजरअंदाज कर रहे हैं, वे सब अपनी तैयारी कर लें।
2024 में दिलबाग सिंह पर ED रेड हुई
दिलबाग सिंह 2009 में यमुनानगर से इनेलो के टिकट पर विधायक बने थे। 5 जनवरी 2024 को ED ने दिलबाग सिंह के घर और ऑफिस समेत कई जगहों पर 5 जनवरी को रेड की थी। पांच दिन तक चली इस रेड में पूर्व विधायक के घर से 5 करोड़ रुपए, सोने के बिस्किट और विदेशी हथियार और शराब की बोतलें बरामद हुई थी। 8 जनवरी को मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर दिलबाग सिंह को ED ने गिरफ्तार कर लिया था। बाद में उन्हें इस केस में जमानत मिल गई थी।