April 8, 2026
8 april 6
  • किताबों-फीस के नाम पर शोषण का आरोप, DC ऑफिस के सामने जुटेंगे

हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : यमुनानगर जिले में प्राइवेट स्कूलों पर बढ़ती मनमानी और फीस के नाम पर शोषण का आरोपल लगाए हुए आज अभिभावक रोष प्रदर्शन करेंगे। यह प्रदर्शन सुबह 11 बजे DC ऑफिस के सामने आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों के शामिल होने की संभावना है।

अभिभावकों का आरोप है कि प्राइवेट स्कूल लगातार फीस में बढ़ोतरी कर रहे हैं, जिससे आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। साथ ही स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों के लिए किताबें एक ही निर्धारित दुकान से खरीदने के लिए मजबूर किया जाता है, जिससे अभिभावकों को उचित विकल्प नहीं मिल पाता।

MRP के नाम पर अधिक वसूल रहे कीमत

अभिभावक अंकुश ने आरोप लगाया कि हर वर्ष बिना किसी ठोस कारण के किताबों में बदलाव किया जाता है, जिससे पुरानी किताबें बेकार हो जाती हैं और अभिभावकों को हर साल नई किताबें खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है। MRP के नाम पर एक तरह का एकाधिकार बनाकर अधिक कीमत वसूली जा रही है, जो सीधे तौर पर अभिभावकों के साथ अन्याय है।

प्रदर्शन में शामिल अभिभावक प्रशासन से मांग करेंगे कि प्राइवेट स्कूलों की फीस और किताबों की बिक्री पर सख्त निगरानी रखी जाए और इस तरह की मनमानी पर रोक लगाई जाए, ताकि अभिभावकों को राहत मिल सके।