- युवाओं को भी पछाड़ दिया, खेड़ी लांबा में प्रतियोगिता
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : कैथल के गांव खेड़ी लांबा में हुई एक अजीब खेल प्रतियोगिता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह प्रतियोगिता कबड्डी, कुश्ती या फिर दौड़ की नहीं, बल्कि ऊकड़ू (पैरों के बल पर) बैठने की रही। जिसमें गांव 82 वर्षीय बुजुर्ग लक्ष्मण सिंह के साथ-साथ बलकार, सुभाष, कोका, सुरेंद्र व जगदीश संयुक्त विजेता रहे। इन सभी ने करीब 10 घंटे 13 मिनट तक लगातार ऊकड़ू बैठक एक रिकॉर्ड कायम किया। वीडियो में बुजुर्गों के साथ साथ नौजवान प्रतिभागी भी ऊकड़ू बैठे दिखाई दे रहे हैं।
चार बजे शुरू हुई प्रतियोगिता
बताया जा रहा है कि यह वीडियो तीन दिन पहले वायरल हुआ, जिस दौरान गांव खेड़ी लांबा में ग्राम स्तर की खेल प्रतियोगिता करवाई जा रही थी। शाम चार बजकर चार मिनट शुरू हुई प्रतियोगिता मध्यरात्रि दो बजकर 15 मिनट तक चली। 10 घंटे 13 मिनट तक चली स्पर्धा की शुरुआत में गांव के 48 व्यक्तियों ने भाग लिया। अंतिम समय तक सिर्फ छह व्यक्ति ही बचे, बाकी उठ गए।
8700-8700 रुपए इनाम स्वरूप दिए
विजेताओं को आयोजक कमेटी ने 8700-8700 रुपए इनाम स्वरूप दिए। हालांकि कमेटी की ओर से विजेताओं के लिए 1100 रुपए प्रथम इनाम रखा गया था। इसके साथ ग्रामीणों ने प्रत्येक विजेता 7600-7600 रुपए का सहयोग अपनी ओर से दिया। बुजुर्ग लक्षमण सिंह के जज्बे को देखते हुए सर्वाधिक नकद राशि देकर उत्साह बढ़ाया।
बातचीत में लक्षमण सिंह ने बताया कि पहले ऊकडू बैठना आम बात थी, अब नई पीढ़ी ने ऊकडू बैठना छोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि उनका परिवार चोती करता है। परिवार में उसका एक बेटा है, जिसके तीन बच्चे हैं। उनकी पत्नी भी बुजुर्ग होने के साथ स्वस्थ हैं। पूरा परिवार खेतों में मिल जुलकर काम करता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे दिन में कुछ समय के लिए ऊकड़ू जरूर बैठें, क्योंकि इससे टांगें मजबूत होती हैं और शरीर स्वस्थ्य रहता है।
सरपंच बोले-बुजुर्गों ने युवाओं को पछाड़ा
गांव के सरपंच सोनू लांबा खेड़ी ने बताया कि ग्रामीणों की अनुशंसा पर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य भारत की प्राचीन योग पद्धति के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। खेल के मैदान में प्रतिभागियों को सफेद पट्टी से बनाए गए घेरों के अंदर ऊकडू बैठाया गया। मुकाबले में बुजुर्ग प्रतिभागियों ने युवाओं को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि ऊकडू बैठने को हिंदी में योग की परिभाषा में मलासन या उत्कटासन के रूप में भी जाना जाता है। यह घुटनों और कूल्हों को मोड़कर बैठने की एक पारंपरिक मुद्रा है। इससे घुटने भी मजबूत होते हैं।