- 2 दिन बाद फिर अलर्ट, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मंगलवार को हुई बारिश और ओलावृष्टि ने 7 जिलों में फसलों को नुकसान पहुंचा। हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, रेवाड़ी, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ के 100 गांवों में खड़ी गेहूं, सरसों और चने की फसल खराब हो गई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, ‘मैं किसान का बेटा हूं। प्राकृतिक आपदाओं में होने वाले नुकसान को समझता हूं। पटवारी और तहसीलदारों की रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।’
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के मुताबिक, 1 और 2 अप्रैल को प्रदेश में मौसम सही रहेगा। इसके बाद 3 और 4 अप्रैल को मौसम फिर बदलेगा, जिससे बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।
फतेहाबाद: भट्टू कलां, किरढान, सिरढान, ढिंगसरा, हांसपुर, हिजरावां कलां, हड़ौली, मल्हड़, दरियापुर, करनौली, गिलाखेड़ा, चनकोठी, रजाबाद, खान मोहम्मद, सूलीखेड़ा, अकांवाली, धांगड़, अहली सदर समेत 18 गांवों में बारिश और ओलावृष्टि से सरसों और गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है।
हिसार: हिसार के लगभग 40 गांवों में फसलें ओलावृष्टि से प्रभावित हुई हैं। जाखोदखेड़ा, मंगाली, सिंघरान, हरिकोट, डाबड़ा, कालवास, काबरेल, चौधरीवाली, घुड़साल, बांडाहेड़ी, तेलनवाली, कुतियांवाली, डोभी, खारिया, रावतखेड़ा, सिवानी, चिड़ौद, ढाणी सीसवाल, आदमपुर, बालसमंद, मात्रश्याम, किरतान, रावलवास, शाहपुर, सीसवाला, रायपुर, शिकारपुर, खोखा, धांसू, खरकड़ी, नियाणा, मिर्जापुर, बुगाना, राजली, पंघाल, ढाणी खानबहादुर, मिरदाद और बधावड़ में ओलावृष्टि हुई। इसके अतिरिक्त, हिसार शहर में भी ओले गिरे हैं।
किसानों को कटाई रोकने की सलाह
कृषि एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बारिश-तेज हवा से गेहूं खेतों में बिछ गया है। ओलावृष्टि से दाना झड़ने और फसल की गुणवत्ता खराब होने का खतरा है। किसानों को अभी फसल सूखने तक कटाई रोकने की सलाह दी गई है।
ओलों से आई ठिठुरन : ओलावृष्टि और बारिश के कारण हरियाणा के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 31 मार्च के आंकड़ों के अनुसार, औसत अधिकतम तापमान में 0.3°C की मामूली गिरावट दिखी, लेकिन स्थानीय स्तर पर प्रभाव कहीं अधिक था। रोहतक में तापमान सामान्य से 4.6°C नीचे गिरकर 27.9°C रह गया।भिवानी में भी 3 डिग्री की गिरावट देखी गई। राज्य में सबसे अधिक तापमान गुरुग्राम में 34.5°C दर्ज किया गया। ओलों के कारण हवा में नमी बढ़ गई है, जिससे शाम को हल्की ठंडक महसूस हुई।
रात में बढ़ी ठंडक: राज्य के न्यूनतम तापमान में कल की तुलना में 1.7°C की औसत गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान करनाल में 14.9°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से काफी कम है। करनाल के इंद्री और अन्य क्षेत्रों में भी पारा 15°C के आसपास बना रहा।हिसार और नारनौल जैसे क्षेत्रों में रात का तापमान 16°C से 17.1°C के बीच रहा। बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं ने मार्च के अंत और अप्रैल की शुरुआत में भी लोगों को पंखे बंद करने और चादर ओढ़ने पर मजबूर कर दिया है।