- कोचिंग फीस को लेकर उठाया कदम
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर में 10वीं के एक स्टूडेंट ने अपनी मां की चुन्नी से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया है। मृतक की पहचान आकाश (15) के रूप में हुई है। उसका पिता प्रभात निजी स्कूल में चपरासी है, जबकि मां एक प्राइवेट कंपनी में काम करती है। वह परिवार के साथ स्कूल में बने स्टाफ क्वार्टर में रहता था और इसी के कमरे में उसने सुसाइड किया है।
आकाश का परिवार मूलरूप से बिहार के जिला छपरा का रहने वाला है। हादसे के बाद परिवार का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम करवा रही है। परिवार पिछले करीब 15 वर्षों से स्कूल परिसर में ही रह रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दिल्ली के कोचिंग सेंटर में कराया रजिस्ट्रेशन
बताया जा रहा है कि आकाश पढ़ाई में काफी होशियार था और आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली के जनकपुरी स्थित विद्यापीठ में दाखिला लेना चाहता था। उसकी मां ने वहां पांच हजार रुपए देकर रजिस्ट्रेशन भी करवा दिया था, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते आगे की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी।
रूम पर अकेला था
सोमवार शाम करीब 6 बजे जब उसकी मां काम से वापस घर लौटी, तो उसने देखा कि आकाश कमरे में उसकी चुन्नी से बने फंदे पर लटका है। यह देख मां के होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचा दिया। मौके पर पहुंचे स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पिता घर से बाहर काम कर रहा था और बहन अंदर पढ़ाई कर रही थी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
एसएचओ संतोष ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।