March 29, 2026
29 march 7
  • गुरुग्राम का बजघेड़ा, हिसार का अग्रोहा एरिया सबसे महंगा, पंचकूला सहित अन्य जिलों की लिस्ट देखें

हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा राज्य के सभी जिलों में कलेक्टर रेट (सर्किल रेट) की प्रस्तावित दरें सार्वजनिक कर दी गईं हैं। सभी जिलों की सरकारी वेबसाइट पर इसे अपलोड किया गया है। नई दरों में रेजिडेंशियल, कृषि और कॉमर्शियल भूमि के रेट में 75 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है।

प्रदेश की साइबर सिटी गुरुग्राम में सबसे अधिक रेट द्वारका एक्सप्रेस-वे से सटे बजघेड़ा गांव में बढ़ा गए हैं। यहां कृषि भूमि और कॉमर्शियल के रेट में 75 प्रतिशत की बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है। नया रेट लागू होने पर यहां की कृषि भूमि का रेट 7 करोड़ 53 लाख 25 हजार रुपए प्रति एकड़ होगा।

इसके अलावा हिसार के अग्रोहा में कलेक्टर के रेट में भी 75% की भारी बढ़ोतरी का प्रस्ताव किया गया है। अग्रोहा को हिसार महानगर विकास प्राधिकरण में शामिल करने के बाद यहां रेटों में भारी बढ़ोतरी हुई है। अलीपुर में आवासीय भूमि और आर्यनगर में कृषि भूमि के रेट में भी इतनी ही वृद्धि का प्रस्ताव है।

यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी। हालांकि, इससे पहले नागरिक 30 मार्च 2026 तक शाम 4:30 बजे तक अपने सुझाव संबंधित तहसील कार्यालय और जिला मुख्यालयों में दर्ज करा सकते है। आपत्तियों पर चर्चा के बाद ही नई दरें लागू की जाएंगी। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, बढ़ती मांग, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और बाजार मूल्यों को ध्यान में रखकर ये दरें प्रस्तावित की गई हैं।

गुरुग्राम  के बजघेड़ा में सबसे महंगी कृषि भूमि, कॉमर्शियल क्षेत्रों में भी वृद्धि

अभी बजघेड़ा में एक एकड़ जमीन का कलेक्टर रेट 4 करोड़ 30 लाख 30 हजार रुपए है, नया रेट लागू होने पर यहां की कृषि भूमि का रेट 7 करोड़ 53 लाख 25 हजार रुपए प्रति एकड़ होगा। इसके साथ लगते सराय अलावर्दी में भी कृषि भूमि का रेट 75 फीसदी बढ़ाया गया है। इससे किसानों और भूमि मालिकों पर काफी असर पड़ने की संभावना है।

हिदायतपुर में भी रेजिडेंशियल जमीन का कलेक्टर रेट पहले 27,500 रुपये प्रति गज था, जो अब प्रस्तावित 48,125 रुपये प्रति गज कर दिया गया है। यह करीब 75 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। इसी तरह शाहपुर और सुखराली में भी रेजिडेंशियल जमीन के रेट में 75 फीसदी की बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है।

गोपाल नगर, अशोक विहार, सदर बाजार से भूतेश्वर मंदिर तक के इलाकों में दुकानों और ऑफिस के लिए कॉमर्शियल रेट में भी 75 प्रतिशत की वृद्धि प्रस्तावित है। इससे व्यापारिक संपत्तियों की रजिस्ट्री महंगी हो जाएगी और स्टांप ड्यूटी का बोझ भी बढ़ेगा।

हिसार में अग्रोहा-अलीपुर क्षेत्र सबसे महंगा, राजगुरु मार्केट में नहीं बढ़े रेट

ओवरऑल हिसार शहर की बात करें तो शहरी रिहायशी और व्यावसायिक सेक्टरों में औसतन 15% की वृद्धि देखी जा रही है। वहीं, ग्रामीण इलाकों में नहरी और गैर-मुमकिन कृषि भूमि के दामों में 25% से 75% तक का बढ़ोतरी प्रस्तावित है। अग्रोहा में कलेक्टर के रेट में 75% की भारी बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। अग्रोहा क्षेत्र की व्यावसायिक संपत्तियों में 30% तक की वृद्धि देखी गई है। अशोक विहार, गंगवा में आवासीय रेट में 30% की वृद्धि का प्रस्ताव है।
नंद विहार, गंगवा में आवासीय रेट में 45% की बढ़ोतरी प्रस्तावित है। सेक्टर 13 और 14P जैसे पॉश इलाकों में रिहायशी रेट ₹56 हजार 925 प्रति वर्ग गज तक पहुंचने का अनुमान है। राजगुरु मार्केट और नागोरी गेट जैसे मुख्य बाजारों के रेट फिलहाल स्थिर रखे गए हैं। शहर की प्रमुख राजगुरु मार्केट के व्यावसायिक रेट को स्थिर रखा गया है।

पंचकूला के 6 सेक्टरों में आवासीय भूमि के रेट 75 प्रतिशत बढ़ाए

सेक्टर-19,27, 28,31 और एडीसी सेक्टर 4, 5,6 में आवासीय भूमि के रेट में 75 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इसके अलावा एससीएफ सेक्टर 4, 6,10,12,15,16 में व्यावसायिक भूमि के रेट भी 75 प्रतिशत बढ़ाए गए है। वहीं, सेक्टर 23, 24, 25,26 में भी आवासीय भूमि खरीदना महंगा होगा। यहां रेट में 45 फीसदी की बढ़ोत्तरी प्रस्तावित की गई है, जबकि बूथे सेक्टर 7,8,9 में व्यावसायिक दरों में 60 प्रतिशत का इजारा रखा गया है।

ग्रेटर फरीदाबाद में भी 75 फीसदी की बढ़ोतरी, सेक्टर-16 होगा सबसे महंगा

प्रस्ताव के अनुसार ग्रेटर फरीदाबाद के नीमका और फरीदपुर जैसे इलाकों में रिहायशी जमीन की कीमतों में करीब 75 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। इससे रेट 18 हजार रुपए से बढ़कर 31 हजार 500 रुपए प्रति वर्ग गज हो जाएंगे। वहीं पॉश सेक्टर-14 और सेक्टर-21ए में बड़े प्लॉट्स की कीमतों में लगभग 60 फीसदी तक इजाफा हो सकता है। सेक्टर-14 में अब रेट 58 हजार से बढ़कर 92 हजार 800 रुपए प्रति वर्ग गज तक पहुंचने की संभावना हैं।

कॉमर्शियल प्रॉपर्टी की बात करें तो सेक्टर-16 को शहर का सबसे महंगा इलाका बनाने की तैयारी में है। यहां कॉमर्शियल प्लॉट्स की कीमतों में करीब 75 फीसदी तक बढ़ोतरी प्रस्तावित है। इससे पुरानी दर 1.21 लाख रुपए से बढ़कर अब करीब 2.11 लाख रुपए प्रति वर्ग गज प्रस्तावित है। इसके अलावा सेक्टर 79-83 और बड़खल क्षेत्र के कई इलाकों में भी 45 से 60 फीसदी तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।

रेवाड़ी में ब्रॉस मार्केट होगा सबसे महंगा एरिया

रेवाड़ी में सेक्टर-4 में आवसीय प्लाटों के रेट में करीब चार हजार रुपए की बढ़ोत्तरी की गई है। काठ मंडी, कटला बाजार, मॉडल टाउन, गोकल गेट, नई बस्ती क्षेत्र को छोड़कर अधिकतर आवासीय और कॉमर्शियल क्षेत्र के रेटों में बदलाव किया गया है। नए कलेक्टर रेट में सरकुलर रोड से बाहरब आवासीय क्षेत्रों में झज्जर रोड पर सरकुलर रोड से फाटक तक और कॉमर्शियल में ब्रॉस मार्केट सबसे महंगा एरिया है। पुराने शहर में पुरानी सब्जी मंडी से गोकल गेट तक का क्षेत्र सबसे महंगा है।