- CM बोले- 3 लाख से घटाकर 1 हजार किया, 13 कनेक्शन का टारगेट
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा सीएम नायब सैनी ने सूबे में पीएनजी पाइपलाइन को बड़ी राहत दी है। सीएम ने लीज रेंट घटा दिया है। ये ऐलान सीएम नायब सैनी ने खुद चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में हरियाणा में पीएनजी गैस पाइपलाइन बिछाने पर ₹3 लाख प्रति किलोमीटर का लीज रेट 10 साल के लिए अग्रिम लिया जाता है, हमारी सरकार ने इसे ₹1 हजार प्रति किलोमीटर एक मुश्त करने का निर्णय लिया है। प्रदेश में पीएनजी के लिए 13 लाख 33 हजार 603 का निर्धारित किया गया है। प्राकृतिक गैस पाइपलाइन के क्षेत्र में भी हरियाणा मजबूत स्थिति में है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम ने कहा कि सबसे पहले मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने पेट्रोलियम उत्पादों पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती की है। इससे आम जनता के लिए डीजल, पेट्रोल व गैस के दाम स्थिर बने रहेंगे। केंद्र सरकार ने राष्ट्र प्रथम नीति के दृढ़ संकल्प के साथ कदम बढ़ाया है। प्रदेश में पेट्रोल डीजल व गैस की कोई कमी नहीं है।
सूबे में 4032 सरकारी पेट्रोल पंप
राज्य में कुल 4032 सरकारी पेट्रोल पंप है संचालित, जहां प्रतिदिन औसतन 4804 किलो लीटर पेट्रोल और 12003 किलो लीटर डीजल की बिक्री हो रही है। राज्य में प्रतिदिन 2 लाख सिलेंडर हो रहे हैं प्राप्त और लगभग 1 लाख 90 हजार सिलेंडर की सप्लाई की जा रही है।
कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति भी की जा रही है। अस्पतालों, स्कूलों व अन्य आवश्यक संस्थानों में गैस की किसी प्रकार की कमी ना हो यह सुनिश्चित किया जा रहा है। वर्तमान में कुल 1 लाख 73 हजार कमर्शियल सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है।
देर रात सभी डीसी के साथ की मीटिंग
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पश्चिम एशिया की स्थिति को लेकर जिला उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि प्रदेश में डीजल, पेट्रोल तथा रसोई गैस को लेकर उत्पन्न हो रही आशंकाओं और घबराहट की स्थिति या अफवाहों को रोका जाए। डीजल, पेट्रोल तथा रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है, किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।
सभी संबंधित विभागों के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार निगरानी रखे। प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम स्थापित किए जाए, जहां से आमजन को सही और प्रमाणिक जानकारी समय-समय पर उपलब्ध करवाई जाए। मुख्यमंत्री शुक्रवार देर रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों के साथ अहम बैठक कर रहे थे।
हेल्पलाइन नंबर-पोर्टल शुरू
सरकार ने जनहित में एक हेल्पलाइन नंबर और ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है। नागरिक शिकायत या सुझाव इन पर दर्ज करा सकते हैं। नायब सिंह सैनी ने कहा कि तेल व गैस कंपनियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए हुए हैं और हर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। राज्य सरकार प्रदेश में निगरानी के लिए प्रशासनिक सचिवों की ड्यूटी लगा रही है।
जिला प्रशासन के अधिकारी निरंतर प्रशासनिक सचिवों के संपर्क में रहें और उन्हें हर स्थिति की जानकारी देते रहे।
प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि डीजल, पेट्रोल तथा रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे और प्रत्येक नागरिक को यह भरोसा दिलाएं कि इनकी पर्याप्त उपलब्धता है। प्रदेश में इनकी आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है। किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। अधिकारी लोगों को जागरूक करें कि अनावश्यक रूप से अधिक खरीदारी करके इनका भंडारण न करें।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालक गैस, डीजल व पेट्रोल की सामान्य रूप से बिक्री जारी रखी जाए, किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या कृत्रिम कमी उत्पन्न करने की कोशिश न करें।